शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Srinagar News:श्रीनगर में पारा फिर शून्य से नीचे लुढ़क कर माइनस 0.2 डिग्री पर पहुंचा – Srinagar, Weather, The Mercury Has Once Again Dipped Below Zero, Reaching Minus 0.2 Degrees
श्रीनगर

Srinagar News:श्रीनगर में पारा फिर शून्य से नीचे लुढ़क कर माइनस 0.2 डिग्री पर पहुंचा – Srinagar, Weather, The Mercury Has Once Again Dipped Below Zero, Reaching Minus 0.2 Degrees

November 20, 2026


– घाटी के अधिकांश हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट, शोपियां माइनस 3.4 और पहलगाम माइनस 2.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडे रहे

अमर उजाला ब्यूरो

श्रीनगर। कश्मीर घाटी में सर्दी का सितम धीरे-धीरे बढ़ने लगा है और रात का तापमान एक बार फिर जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। वीरवार को ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बुधवार के 0.0 डिग्री से नीचे लुढ़क गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर में रात का पारा सामान्य से 0.9 डिग्री नीचे रहा, जिससे सुबह और शाम के समय ठिठुरन काफी बढ़ गई है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, घाटी के कई अन्य इलाकों में भी रात का पारा शून्य से नीचे बना हुआ है। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो घाटी में सबसे कम रहा। वहीं, प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इसके अलावा उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में न्यूनतम पारा माइनस 1.3 डिग्री और विश्व प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, कोकरनाग में न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, लद्दाख क्षेत्र के लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 7.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।

श्रीनगर में अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। गुलमर्ग के दिन के तापमान में भी लगभग तीन डिग्री का उछाल आया और यह 8.7 डिग्री से बढ़कर 11.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।

मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के पूर्वानुमान के अनुसार, पूरे जम्मू-कश्मीर में 30 नवंबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। अगले दो दिनों (20 और 21 नवंबर) के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना है। हालांकि, 22 नवंबर से रात के तापमान में एक बार फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने के आसार हैं, जिससे सर्दी का प्रकोप और तेज होगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X