शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
पंचायत चुनाव:धौलपुर में कांग्रेस का दबदबा, जिला परिषद की 29 में से 21 सीटें जीतीं; भाजपा 4 पर सिमटी – Congress Dominates Dholpur Panchayat Elections, Securing 21 Out Of 29 Zila Parishad Seats
धौलपुर

पंचायत चुनाव:धौलपुर में कांग्रेस का दबदबा, जिला परिषद की 29 में से 21 सीटें जीतीं; भाजपा 4 पर सिमटी – Congress Dominates Dholpur Panchayat Elections, Securing 21 Out Of 29 Zila Parishad Seats

November 20, 2026


पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के चुनाव परिणामों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भाजपा को बड़ा झटका दिया है। जिला परिषद के साथ ही अधिकांश पंचायत समितियों में कांग्रेस का दबदबा देखने को मिला। जिला परिषद की कुल 29 सीटों में से कांग्रेस ने 21 पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं भाजपा को 4 और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को 3 सीटें मिली हैं। एक वार्ड का परिणाम तकनीकी कारणों से अटका हुआ है।

पंचायत समिति चुनावों में भी कांग्रेस ने कई क्षेत्रों में बढ़त हासिल की है। सैपऊ, राजाखेड़ा और बसेड़ी में कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं धौलपुर, बाड़ी और सरमथुरा में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में इन पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव में निर्दलीय और अन्य दलों के निर्वाचित सदस्यों की भूमिका अहम होगी।

जिला परिषद में कांग्रेस को प्रचंड बहुमत

जिला परिषद के कुल 29 वार्डों में से कांग्रेस ने 21 पर जीत दर्ज की है। भाजपा को महज 4 सीटें मिली हैं, जबकि बसपा ने 3 वार्डों में जीत हासिल की है। वार्ड नंबर 9 का परिणाम ईवीएम में तकनीकी खराबी के चलते रोक दिया गया है। इस तरह कांग्रेस ने जिला परिषद में स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। इससे जिला प्रमुख बनाने की राह आसान हो गई है।

सैपऊ पंचायत समिति में कांग्रेस को बहुमत

सैपऊ पंचायत समिति के कुल 27 वार्डों में कांग्रेस ने 14 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा और बसपा को 5-5 सीटें मिली हैं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों ने 3 वार्डों में जीत हासिल की है। कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। ऐसे में यहां कांग्रेस का प्रधान बनना लगभग तय माना जा रहा है।

धौलपुर पंचायत समिति में बहुमत से एक सीट दूर कांग्रेस

धौलपुर पंचायत समिति के कुल 25 वार्डों में कांग्रेस ने 12 सीटों पर जीत हासिल की है। भाजपा को 7 सीटें मिली हैं, जबकि अन्य दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के खाते में 6 सीटें गई हैं। कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से एक सीट पीछे रह गई है। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में अन्य निर्वाचित सदस्यों की भूमिका निर्णायक होगी।

बाड़ी में निर्दलीय और बसपा समर्थित सदस्यों की भूमिका अहम

बाड़ी पंचायत समिति के कुल 27 वार्डों में किसी भी राजनीतिक दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। कांग्रेस ने 9 और भाजपा ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि अन्य प्रत्याशियों के खाते में 12 सीटें गई हैं। ऐसे में प्रधान पद हासिल करने के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों को निर्दलीय एवं बसपा समर्थित सदस्यों का समर्थन जुटाना होगा। यहां प्रधान बनाने की चाबी निर्दलीय और अन्य दलों के हाथ में रहेगी।

राजाखेड़ा में कांग्रेस का दबदबा बरकरार

राजाखेड़ा पंचायत समिति के कुल 25 वार्डों में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को 5 सीटें मिली हैं, जबकि अन्य प्रत्याशियों ने 3 सीटों पर जीत हासिल की है। वार्ड नंबर 6 और 17 के परिणाम ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण रोक दिए गए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से आगे है। ऐसे में यहां भी कांग्रेस का प्रधान बनना लगभग तय माना जा रहा है।

सरमथुरा में कांग्रेस बहुमत से एक सीट दूर

सरमथुरा पंचायत समिति के कुल 15 वार्डों में कांग्रेस और अन्य प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला रहा। कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि भाजपा को केवल एक सीट मिली है। वहीं अन्य प्रत्याशियों ने 7 वार्डों में जीत हासिल की है। कांग्रेस बहुमत से एक सीट दूर है। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में निर्दलीय और अन्य निर्वाचित सदस्यों का समर्थन निर्णायक साबित होगा।

बसेड़ी में कांग्रेस ने हासिल किया बहुमत

बसेड़ी पंचायत समिति के कुल 19 वार्डों में कांग्रेस ने 10 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को 4 सीटें मिली हैं, जबकि अन्य प्रत्याशियों ने 5 वार्डों में जीत हासिल की है। कांग्रेस ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। ऐसे में यहां भी कांग्रेस की स्थिति मजबूत हो गई है।

जिले में कांग्रेस का पलड़ा भारी

पंचायत चुनाव के नतीजों ने धौलपुर की ग्रामीण राजनीति में कांग्रेस की मजबूत स्थिति को उजागर किया है। जिला परिषद में स्पष्ट बहुमत के साथ कांग्रेस ने भाजपा को बड़ा झटका दिया है। सैपऊ, राजाखेड़ा और बसेड़ी पंचायत समितियों में भी कांग्रेस ने बहुमत हासिल किया है। वहीं धौलपुर, बाड़ी और सरमथुरा में प्रधान पद के लिए राजनीतिक जोड़-तोड़ देखने को मिल सकती है। खासकर बाड़ी और सरमथुरा में निर्दलीय एवं अन्य दलों के सदस्य सत्ता की चाबी अपने हाथ में रखेंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X