देश सेवा का जज्बा लेकर चार माह पूर्व अग्निवीर के रूप में भर्ती हुए सुंदरनगर उपमंडल के छात्तर साई गांव निवासी साहिल कुमार (पुत्र रोशन लाल) की महाराष्ट्र में ट्रेनिंग के दौरान मौत हो गई। रस्सी आरोहण प्रशिक्षण के समय करीब 20 फीट की ऊंचाई पर हाथों में पसीना आने से रस्सी पर उनकी पकड़ छूट गई और वह नीचे गिर पड़े। अस्पताल में दो दिन तक चले उपचार के बाद बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे बटालियन के चार सदस्य पार्थिव शरीर लेकर छात्तर साई गांव पहुंचे। जवान की पार्थिव देह पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और माता-पिता व अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दोपहर दो बजे परिजनों ने नम आंखों से साहिल को मुखाग्नि दी। साहिल के पिता रोशन लाल ऑटो चालक हैं और परिवार में उनकी दो बहनें भी हैं।