इंदौर में शुक्रवार को देवउठनी एकादशी पर दीपावली जैसा नजारा दिखाई दिया। घरों के बाहर वंदनवार सजाए गए थे और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाती झालरें आकर्षण का केंद्र बनी हुई थीं। महिलाओं ने आंगन में तुलसी के पौधों को सजाया और विधि-विधान से तुलसी विवाह संपन्न कराया। इसके बाद परिवार के लोगों ने आतिशबाजी कर पर्व की खुशियां मनाईं।
देवउठनी एकादशी को छोटी दीपावली भी कहा जाता है। मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और इसके साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। शुक्रवार को शहर के कई मंदिरों में भी तुलसी विवाह के आयोजन हुए। श्रीश्री विद्याधाम में भगवान की बारात निकाली गई और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ तुलसी विवाह संपन्न कराया गया।
इसी अवसर पर साहू समाज ने 12 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया। इसके साथ ही समाज का अन्नकूट उत्सव भी मनाया गया। वहीं, वैश्य महिला संगठन की ओर से पार्क रोड स्थित शिव मंदिर में तुलसी विवाह का आयोजन किया गया।
शादियों की ग्राहकी भी बढ़ी
शादी का सीजन शुरू होने के साथ ही बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। विवाह समारोहों की तैयारियों के लिए लोग खरीदारी करने पहुंच रहे हैं। सराफा बाजार में सोने-चांदी के आभूषण बनवाने और खरीदने वालों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, क्लॉथ मार्केट में भी शादी के कपड़ों की खरीदारी के लिए ग्राहक पहुंच रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली ग्राहकी में भी तेजी देखी जा रही है।
दूसरी ओर, इवेंट सेक्टर से जुड़ी एजेंसियों के पास भी शादी समारोहों और उनसे जुड़े आयोजनों के लिए बड़ी संख्या में बुकिंग आ चुकी हैं। शहर में अगले पांच महीनों के लिए गार्डन और धर्मशालाओं की बुकिंग लगभग पूरी हो चुकी है। देवउठनी एकादशी के साथ ही इंदौर में विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो गया है।