Rajouri News:जीएमसी राजोरी में 65 वर्षीय मरीज की सफल सर्जरी – Successful Surgery Of A 65-year-old Patient At Gmc Rajouri
-छोटा आंत में थे दो छेद, पेट से डेढ़ लीटर संक्रमित तरल पदार्थ भी निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं एसोसिएटेड अस्पताल (जीएमसी) राजोरी में गैर राजपत्रित कर्मचारियों और रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल जारी है। इसके बावजूद, अस्पताल में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसी कड़ी में, जनरल सर्जरी विभाग ने 65 वर्षीय मरीज की जानलेवा स्थिति में सफल लैप्रोस्कोपिक सर्जरी कर उसकी जान बचाई।
राम पॉल नामक 65 वर्षीय मरीज को पेट में गंभीर संक्रमण (पेरिटोनाइटिस) के लक्षणों के साथ जीएमसी राजोरी के आपातकालीन विभाग लाया गया था। डॉक्टरों ने तत्काल उसकी जांच कर हालत स्थिर की और फिर डायग्नोस्टिक लैप्रोस्कोपी के लिए ऑपरेशन किया। सर्जरी के दौरान छोटी आंत के पहले हिस्से (डुओडेनम) में लगभग 1×1 सेंटीमीटर का छेद मिला। अपेंडिक्स के सिरे पर भी एक छेद पाया गया, साथ ही मरीज के पेट में करीब डेढ़ लीटर संक्रमित तरल पदार्थ जमा था। यह स्थिति मरीज के लिए बेहद गंभीर बनी हुई थी। इस जटिल आपातकालीन स्थिति को लैप्रोस्कोपिक सर्जरी से सफलतापूर्वक संभाला गया। ऑपरेशन का नेतृत्व कंसल्टेंट सर्जन डॉ. शाहिद अंजुम अवान ने किया, जबकि एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व डॉ. सोहेल बांडे ने किया। इस प्रक्रिया में डॉ. मुदस्सिर खान और डॉ. जमील भी शामिल रहे। यह सर्जरी सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष एवं मेडिकल सुपरिंटेंडेंट के मार्गदर्शन में तथा जीएमसी राजोरी के प्रिंसिपल प्रोफेसर ए.एस. भाटिया की समग्र निगरानी में की गई।
डाॅक्टरों के सामूहिक प्रयास से सफल ऑपरेशन : अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इस जटिल सर्जरी की सफलता जीएमसी राजोरी की आधुनिक लैप्रोस्कोपिक तकनीक को दर्शाती है। यह चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की विशेषज्ञता का भी प्रमाण है। डॉक्टरों के सामूहिक प्रयास ने इस मुश्किल ऑपरेशन को सफल बनाया। इससे राजोरी और आसपास के मरीजों को गंभीर सर्जिकल परिस्थितियों में बड़े अस्पतालों में रेफर करने की आवश्यकता कम होगी।
हड़ताल के बीच सेवाएं : गौरतलब है कि अस्पताल में कर्मचारियों और रेजिडेंट डॉक्टरों की जारी हड़ताल से सामान्य स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। इसके बावजूद, जीएमसी में मरीजों को आवश्यक आपातकालीन चिकित्सा एवं सर्जिकल सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यह दर्शाता है कि आपातकालीन मामलों में अस्पताल अपनी प्रतिबद्धता बनाए हुए है। मरीजों को गंभीर सर्जिकल परिस्थितियों में भी उपचार मिल रहा है।
