Rajouri News:प्रदेश के छह ईएमआरएस के विद्यार्थियों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा – Students From The States Six Emrss Showcased A Vibrant Cultural Display
ईएमआरएस कला उत्सव एवं समृद्धि संपन्न, मंत्री जावेद राणा ने कलाकारों को किया सम्मानित
क्रासर
राजोरी के गुरदनबाला स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय में हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जनजातीय कार्य एवं परिवहन मंत्री जावेद अहमद राणा ने गुरदनबाला स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) में आयोजित तीसरे राज्य स्तरीय कला उत्सव एवं समृद्धि 2026-27 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
इस आयोजन में ईएमआरएस सलिया (अनंतनाग), ईएमआरएस गुरेज (बांदीपोरा), ईएमआरएस तंगमर्ग (कुलगाम), ईएमआरएस पुंछ (मेंढर), ईएमआरएस कोटरंका (राजोरी) तथा ईएमआरएस राजोरी (गुरदनबाला) के विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिक्षा मंत्रालय और एनसीईआरटी की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देना है।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री जावेद राणा ने कहा कि कला उत्सव जैसे मंच जम्मू-कश्मीर की सांस्कृतिक विविधता को एक साथ लाने के साथ-साथ जनजातीय बच्चों की रचनात्मक क्षमताओं को निखारने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ कला, हस्तशिल्प और संगीत को भी प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि हर बच्चे की छिपी प्रतिभा को सही अवसर मिल सके। ऐसे आयोजन बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाने, आपसी भाईचारा मजबूत करने और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का काम करते हैं।
गोजरी, पंजाबी और डोगरी नृत्यों ने मोहा मन
सांस्कृतिक सत्र में विद्यार्थियों ने गोजरी, पंजाबी और डोगरी समूह नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। ईएमआरएस गुरेज के विद्यार्थियों ने जूनियर समूह नृत्य पेश किया, जबकि एक वरिष्ठ छात्र ने कृष्ण भजन पर शास्त्रीय चमकेया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं, ईएमआरएस पुंछ के विद्यार्थियों ने गोजरी समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। अंत में मंत्री ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए और सफल आयोजन के लिए मेजबान स्कूल व शिक्षकों की सराहना की।
