रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अल्मोड़ा

Almora News:नुक्कड़ नाटक के माध्यम से खेत बचाने के लिए किसानों को किया प्रेरित – Farmers Encouraged To Save Their Farmland Through Street Plays

November 20, 2026


अल्मोड़ा। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान की ओर से खेत बचाओ अभियान के तहत हवालबाग ब्लॉक के महतगांव में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कुल 43 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और टिकाऊ कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई।

इस दौरान डॉ. बीएम पांडे ने खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि टिकाऊ कृषि उत्पादन के लिए मृदा की उर्वरता और गुणवत्ता बनाए रखना बेहद जरूरी है। स्वस्थ मिट्टी ही दीर्घकालिक कृषि उत्पादकता और पर्यावरण संरक्षण का आधार है। कार्यक्रम में कुमाऊं विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, एकीकृत कृषि प्रणाली और टिकाऊ कृषि पद्धतियों का महत्व समझाया। डॉ. कामिनी बिष्ट ने संतुलित उर्वरक उपयोग पर जोर देते हुए किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर आवश्यकता के अनुसार उर्वरकों का प्रयोग करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि इससे पोषक तत्वों की उपयोग दक्षता बढ़ने के साथ मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहती है। वहीं, डॉ. संथिया एस ने किसानों से संवाद कर सब्जी उत्पादन और संरक्षित खेती में आ रही समस्याओं एवं चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने उत्पादकता बढ़ाने के लिए टिकाऊ और वैकल्पिक कृषि पद्धतियां अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, उनके बेहतर उपयोग और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को प्रेरित किया गया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X