पीडीडीयू नगर। मोटर वाहन अधिनियम के तहत हुए चालान से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए 28 नवंबर को विशेष लोक अदालत लगेगी। इस संबंध में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को सभी तहसीलों के पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) को प्रशिक्षण दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में पीएलवी को विशेष लोक अदालत के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी निर्देश दिए। बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन, सिविल, मोटर दुर्घटना दावा प्रतिकर, भरण-पोषण, चेक बाउंस, मोटर वाहन अधिनियम, शमनीय आपराधिक, राजस्व और चकबंदी से जुड़े वादों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा। इसके अलावा बैंक रिकवरी, श्रम, बीमा, बिजली, टेलीफोन, जलकर और नगर पालिका कर निर्धारण के विरुद्ध अपील से जुड़े मामलों का भी निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने पीएलवी से लोगों को लोक अदालतों के लाभ और प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की अपील की।