एमपी:देवास में निर्माणाधीन पानी की टंकी के मचान में लगी आग, आधे घंटे में पाया काबू; दूर तक दिखाई दीं लपटें – A Massive Fire Broke Out On The Scaffolding Of A Water Tank Under Construction
देवास शहर की न्यू देवास कॉलोनी में निर्माणाधीन पानी की टंकी के मचान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। मचान बनाने में इस्तेमाल किए गए सूखे बांस और लकड़ियों के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में आग की ऊंची लपटों ने पूरे मचान को अपनी चपेट में ले लिया। आग देखकर कॉलोनी और आसपास के रहवासियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, न्यू देवास कॉलोनी में पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए टंकी के आसपास बांस और लकड़ियों से मचान तैयार किया गया था। इसी दौरान अचानक मचान में आग लग गई। आग तेजी से फैलती देख स्थानीय रहवासियों ने अपने स्तर पर पानी डालकर उसे बुझाने का प्रयास किया, लेकिन मचान में बड़ी मात्रा में सूखे बांस, लकड़ियां और अन्य निर्माण सामग्री होने के कारण आग लगातार भड़कती रही।
लोगों के प्रयासों के बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा सका तो नगर निगम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के रहवासी मकानों और अन्य निर्माण सामग्री तक लपटें पहुंचने से बच गईं। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था।
आतिशबाजी की चिंगारी से आग लगने की आशंका
नगर निगम अधिकारी प्रतीक शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आतिशबाजी की चिंगारी से मचान में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय पर दमकल टीम की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।
