अलीगढ़:देहलीगेट में गोदाम पर छापा, 18.54 टन राशन चावल बरामद; चार नामजद समेत अन्य पर प्राथमिकी दर्ज – Raid At Dehli Gate Godown
अलीगढ़ के थाना देहलीगेट क्षेत्र के गंगा धर्मकांटा के बराबर स्थित एक गोदाम पर छापेमारी के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के चावल की कथित कालाबाजारी व अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। इस प्रकरण में जांच व भौतिक सत्यापन के बाद जिलाधिकारी की अनुमति पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के अंतर्गत चार नामजद तथा अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
तहरीर के मुताबिक, गगन पुत्र नेम सिंह निवासी जलालपुर द्वारा आयुक्त अलीगढ़ मंडल के समक्ष की गई शिकायत के क्रम में 13 नवंबर 2026 को अपराह्न करीब 4:30 बजे गठित टीम ने संबंधित स्थल पर बने गोदाम की जांच की। मौके पर रजत चौहान उपस्थित मिले। जांच के दौरान प्लास्टिक के बिना सिलाई वाले कट्टों में चावल रखा मिला, जिन पर किसी फर्म का मार्का या मूल्य अंकित नहीं था, बल्कि कट्टों पर आटा, मैदा व सूजी लिखा पाया गया।
प्रार्थना पत्र/रिपोर्ट के अनुसार, 13 नवंबर को रजत चौहान ने 250 कट्टों में 19 टन चावल होने की बात कही थी, लेकिन 17 नवंबर 2026 को भौतिक सत्यापन में गोदाम से 314 कट्टों में कुल 18.54 टन चावल पाया गया। विपणन निरीक्षक द्वारा की गई जांच में चावल के सार्वजनिक वितरण प्रणाली में वितरित होने वाले फोर्टिफाइड राइस के अनुरूप होने की बात बताई गई।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि गोदाम स्थल पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नियमों के तहत आवश्यक खाद्य लाइसेंस/पंजीकरण व पैकेजिंग/लेबलिंग मानकों का अनुपालन नहीं पाया गया तथा प्रस्तुत अभिलेख व मौके की स्थिति में भिन्नता मिली। साथ ही जांच व अभिलेखों के आधार पर रजत चौहान, भोला ठाकुर उर्फ श्याम बहादुर, शरफराज तथा गगन व अन्य द्वारा आपस में संलिप्त होकर उपभोक्ताओं से सस्ते दरों पर राशन चावल खरीदकर अवैध भंडारण व व्यापार करने की बात सामने आने का जिक्र किया गया है।
प्रकरण में जिला पूर्ति अधिकारी के निर्देश व 20 नवंबर 2026 को जिलाधिकारी की अनुमति के अनुपालन में रजत चौहान पुत्र कुशल पाल सिंह चौहान (निवासी ग्राम पोथी, गभाना), भोला ठाकुर उर्फ श्याम बहादुर पुत्र रनवीर सिंह (निवासी वीरपुरा, कोल), शरफराज पुत्र अबरार (निवासी सराय मियां) और गगन पुत्र नेम सिंह (हाल निवासी जलालपुर) तथा अन्य के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
