रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बदायूं

Budaun News:बजट के बाद भी नहीं सुधरी सरकारी स्कूलों की सूरत – The State Of Government Schools Has Not Improved, Even After The Budget

November 29, 2026


बदायूं। सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं तो कई संचालित हो रही हैं, लेकिन उनका असर विद्यालयों की जमीनी स्थिति पर नजर नहीं आ रहा। यही कारण है कि अंतिम केंद्र निर्धारण सूची में जिले के छह राजकीय विद्यालय यूपी बोर्ड परीक्षा में केंद्र बनने की पात्रता हासिल नहीं कर सके। इससे सरकारी स्कूलों में संसाधन बढ़ाने के लिए चल रही कवायद और विभागीय निगरानी की हकीकत सामने आई है।

यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं पांच फरवरी से प्रस्तावित हैं। जिले में इसके लिए 98 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। केंद्रों की अनंतिम सूची जारी होने के बाद 79 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं। इनके निस्तारण के बाद जारी अंतिम सूची में 13 विद्यालयों को बाहर कर दिया गया। इनमें छह राजकीय विद्यालय हैं।

यूसुफनगर राजकीय कॉलेज, चौडेरा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज, गुरगांव, करनपुर, जगत और चलोकर के राजकीय विद्यालय इस सूची में शामिल हैं। केंद्र सूची से राजकीय विद्यालयों का बाहर होना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि सरकारी स्कूलों की दशा सुधारने के लिए शासन लगातार योजनाओं के माध्यम से धन उपलब्ध करा रहा है। बावजूद इसके हालत अभी नहीं सुधरे हैं।

इस संबंध में डीआईओएस लालजी यादव ने बताया कि राजकीय स्कूलों को बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। अगले साल तक यह स्कूल बेहतर होंगे।

प्रोजेक्ट अलंकार के तहत सुविधाएं बढ़ाने की योजना पर उठे सवाल

शासन की ओर से प्रोजेक्ट अलंकार के माध्यम से राजकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के लिए बजट दिया जा रहा है। योजना का मकसद विद्यालयों में जरूरी निर्माण और संसाधनों की उपलब्धता करना है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके। इसके बाद भी कई विद्यालयों की व्यवस्थाएं बोर्ड परीक्षा कराने के स्तर तक नहीं पहुंच पाई हैं।

सहायता प्राप्त से ज्यादा वित्तविहीन विद्यालय बने केंद्र

अंतिम सूची के अनुसार, जिले में 10 राजकीय, 35 सहायता प्राप्त और 53 वित्तविहीन विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल 68,035 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पिछले वर्ष 67,945 परीक्षार्थी थे। वहीं सदर तहसील में सबसे अधिक 38 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बिल्सी में 22, बिसौली में 17, दातागंज में 15 और सहसवान में छह केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X