Mau News:बकरा चोरी कर भाग रहे तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ा, प्राथमिकी दर्ज – Villagers Caught Three Youths Who Were Fleeing After Stealing A Goat; An Fir Has Been Registered
मुहम्मदाबाद गोहना। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र में बकरा चोरी कर भाग रहे तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सद्दोपुर निवासी हन्नू राजभर की तहरीर पर पुलिस ने तीन बकरा चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। हन्नू राजभर निवासी ग्राम सद्दोपुर ने तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार को शाम लगभग 4.30 बजे उनके छोटे भाई की पत्नी रूपा ने बकरे को चरने के लिए छोड़ा था और कुछ दूर पर बैठी थीं। इसी दौरान पल्सर बाइक सवार तीन लोग आए। उनमें से एक व्यक्ति उतरकर रोड पर से कुछ दूर पर चर रहा बकरा कंधे पर उठाकर बाइक पर पहले से स्टार्ट कर बैठे दो व्यक्तियों के पास पहुंचा। बकरे को लादकर तीनों लोग लग्गूपुर की तरफ भागने लगे। बकरा चोरी की खबर पर चिल्लाने से आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और गाड़ी से उसके पीछे पकड़ने के लिए चले। संयोगवश बकरा चोर कुछ दूर बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। आसपास के लोगों ने बकरे सहित तीनों को पकड़ लिया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंच गई एवं तीनों चोरों को पुलिस चौकी लग्गूपुर ले गई। वहां से सभी को कोतवाली लाया गया। कोतवाल केके वर्मा ने बताया तहरीर पर विजय सरोज, गुड्डू सरोज, विशाल सरोज निवासी सुल्तानीपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
