Lalitpur News:केंद्र सरकार आरोपियों को बचाना चाहती है- दिग्विजय सिंह – The Central Government Wants To Shield The Accused Digvijaya Singh
तालबेहट। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा शनिवार को तालबेहट पहुंची। नगर की सीमा पर जिले भर से आए पीडीए कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने राममंदिर चंदा चोरी और वोट चोरी का मुद्दा जनता के सामने रखा।
यात्रा बिजरौठा के मजरा बौलारी से शनिवार सुबह शुरू हुई। इसमें सपा की पूर्व जिलाध्यक्ष ज्योति सिंह लोधी और आल्हा प्रसाद निरंजन प्रमुख रहे। रानीपुरा में धर्मेंद्र झा के दरवाजे पर सपा जिलाध्यक्ष नेपाल सिंह और स्वामी प्रसाद यादव ने स्वागत कर गदा भेंट की। बुंदेलखंड सरस साहित्य संगम और राकेश जैन के आवास पर भी यात्रा का स्वागत हुआ। दिग्विजय सिंह ने कहा कि सपा नेता अखिलेश यादव ने सबसे पहले राम मंदिर चंदा चोरी का मुद्दा उठाया था।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा सरकार पर चंदा चोरी कांड के मुख्य आरोपी चंपत राय और अनिल मिश्रा को बचाने का आरोप लगाया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव व संयोजक चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा),पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और कांग्रेस जिलाध्यक्ष दयाराम,पूर्व प्रवक्ता बुंदेलखंड क्षेत्र कांग्रेस राजेंद्र शर्मा एडवोकेट,सत्येंद्र खरे बसई, राजेंद्र यादव और योगेंद्र सिंह परीछा भी प्रमुख रूप से शामिल थे।
स्वाभिमान यात्रा के नगर के मध्य से गुजरने पर सड़क पर जाम लग गया। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रा में जनपद के पीडीए कार्यकर्ताओं के अलावा समीपवर्ती मध्य प्रदेश से कांग्रेसी नेता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
