रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:दिन में गर्मी और रात में बढ़ रही ठंड, एक्यूआई 296 पर पहुंचा – Warm Days And Increasingly Cold Nights; Aqi Reaches 296
रेवाड़ी

Rewari News:दिन में गर्मी और रात में बढ़ रही ठंड, एक्यूआई 296 पर पहुंचा – Warm Days And Increasingly Cold Nights; Aqi Reaches 296

November 22, 2026


रेवाड़ी। जिले में शुक्रवार को सुबह से ही धूप खिली रही। दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि रात में ठंड का असर बना हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 8.4 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, जिले में वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है।

शुक्रवार को अधिकतम एक्यूआई 296 दर्ज किया गया, जबकि वीरवार को यह 261 और सोमवार को 161 था। एक्यूआई में लगातार बढ़ोतरी से लोगों की चिंता बढ़ रही है। प्रदूषण के बढ़ते स्तर के बीच सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

प्रदूषण बढ़ने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। धूल के कणों को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से सड़कों पर पानी का छिड़काव शुरू कर दिया गया है। वहीं, लोगों को सुबह और शाम के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने तथा प्रदूषण से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में 21 नवंबर तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं हल्की से मध्यम गति से चल सकती हैं।

इससे रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने के आसार हैं। वहीं, अलसुबह कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम धुंध छाने की संभावना है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

सांस और आंखों के मरीज बरतें सावधानी : डॉ.मनीष

जिले में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़कर 296 एक्यूआई पर पहुंचने से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ने की आशंका है। फिजिशियन डॉक्टर मनीष के अनुसार प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित मरीज विशेष सावधानी बरतें। सुबह और शाम के समय बाहर निकलने से बचें। जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करें और घरों की खिड़कियां बंद रखें। आंखों में जलन होने पर साफ पानी से धोएं। परेशानी बढ़ने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X