उज्जैन:महापौर का स्वागत-सत्कार चलता रहा, जाम में फंसे रहे राहगीर; सती गेट पर बिगड़ी यातायात व्यवस्था – Public Stuck In Traffic, Mayor Busy In Felicitation! Half-hour Jam At Sati Gate, Commuters Ask
उज्जैन शहर के सती गेट क्षेत्र में पुराने हैंडपंप के पुनः शुभारंभ और पूजन कार्यक्रम के दौरान भीषण ट्रैफिक जाम लग गया। इससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहगीरों का आरोप है कि कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे महापौर मुकेश टटवाल और उनके समर्थकों की भीड़ के कारण सड़क पर करीब आधे घंटे तक आवागमन बाधित रहा। इस दौरान यातायात सुचारु कराने के बजाय जनप्रतिनिधियों का ध्यान स्वागत-सत्कार और कार्यक्रम पर केंद्रित रहा।
जानकारी के अनुसार, सती गेट स्थित पुराने हैंडपंप को दोबारा शुरू करने के उपलक्ष्य में पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें महापौर मुकेश टटवाल मुख्य रूप से शामिल हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान सड़क पर भीड़ जमा होने और वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से सती गेट से खड़े हनुमान मंदिर के बीच लंबा जाम लग गया।
जाम में दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ ऑटो, ई-रिक्शा और पैदल राहगीर भी करीब आधे घंटे तक फंसे रहे। हालात ऐसे थे कि न तो वाहन खड़े हनुमान मंदिर की ओर जा पा रहे थे और न ही नई सड़क की तरफ निकलने का रास्ता बचा था।
राहगीरों ने जताई नाराजगी
जाम में फंसे नागरिकों का कहना था कि कुछ महीने पहले ही इस मार्ग का चौड़ीकरण किया गया है। इसके बावजूद आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था नहीं संभलने से जाम की स्थिति बन रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक तरफ आम जनता जाम में फंसकर परेशान हो रही थी, वहीं दूसरी तरफ महापौर दर्जनों मालाएं पहनकर सम्मान कराने, भाषण देने और मिठाई बांटने में व्यस्त थे।
राहगीरों ने सवाल उठाया कि एक सामान्य हैंडपंप के दोबारा शुरू होने पर सड़क बाधित कर इस तरह का आयोजन करना कितना उचित है। उनका कहना था कि कार्यक्रम के दौरान आम लोगों की सुविधा और यातायात व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाना चाहिए था।
वैकल्पिक मार्ग बंद होने से बढ़ी परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, समीप स्थित मिर्जा नईम बेग मार्ग पर इन दिनों चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके चलते इस मार्ग से आवागमन बंद है। ऐसे में गोपाल मंदिर की ओर जाने वाले अधिकांश वाहन चालक सती गेट मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं।
पहले से ही वाहनों के अधिक दबाव वाले इस मार्ग पर कार्यक्रम आयोजित होने के बावजूद यातायात प्रबंधन की कोई समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इसके चलते लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा।
