Farrukhabad News:धनराशि मिली, पट्टे की भूमि पर कब्जा तक नहीं, ठिठुर रहे बाढ़ पीड़ित – Funds Received, Yet No Possession Of The Allotted Land; Flood Victims Left Shivering
फर्रुखाबाद। कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने के बाद बाढ़ पीड़ितों के खातों में अब आवास बनवाने के लिए धनराशि पहुंच गई लेकिन प्रशासन अभी तक उन्हें आवास बनाने के लिए भूमि चिह्नित कर नहीं दे सका है। इससे बढ़पुर ब्लॉक क्षेत्र के गांव कटरी भीमपुर दौली की मड़ैया व दिलीप की मड़ैया निवासी बाढ़ पीड़ित सड़क किनारे झोपड़ी डालकर रहने को मजबूर हैं। जबकि इन्हें मुख्यमंत्री ने ढाई माह पहले आवास की धनराशि व आवासीय पट्टा का स्वीकृत पत्र दिया था। ठंड बढ़ने से बाढ़ पीड़ित आग तापकर समय काट रहे हैं।
गंगा की बाढ़ के दौरान गांव कटरी भीमपुर दौली की मड़ैया व दिलीप की मड़ैया के घर तेज धार में बह गए थे। इससे बेघर ग्रामीणों ने परिवार के साथ सड़क किनारे बसेरा बनाया। पॉलिथीन व फूस की झोपड़ी डालकर तब से गुजर कर रहे हैं। तीन सितंबर को सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ का हेलीकॉप्टर से निरीक्षण के बाद बाढ़ पीड़ितों का दर्द जाना और वह भावुक हो गए थे। मुख्यमंत्री बाढ़ पीड़ितों को राहत किट देने के बाद आवास बनाने के लिए एक लाख 20 हजार रुपये का चेक व आवास निर्माण के लिए भूमि का पट्टा का स्वीकृतपत्र दिया था। इससे बाढ़ पीड़ित गरीबों को छत मिल सके। आवास की धनराशि व पट्टा न मिलने पर 21 अक्तूबर को ग्रामीणों व महिलाओं ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया था। तब उन्हें एडीएम ने एक सप्ताह में धनराशि व पट्टे की भूमि दिलाने का भरोसा देकर वापस कर दिया था। हालांकि शासन से बजट आने में भी देरी हुई। इससे गत सप्ताह बजट आने पर बाढ़ पीड़ितों के खाते में पैसा भेज दिया गया लेकिन राजस्व विभाग की लापरवाही से अभी तक बाढ़ पीड़ितों को आवंटित पट्टे की भूमि चिह्नित कर नहीं दी जा सकी। इससे वह अपने आवास का निर्माण शुरू नहीं करा पा रहे हैं। वहीं रात में पारा गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचने से सर्दी भी बढ़ गई है। पॉलिथीन के आशियाने में सीधी हवा पहुंचने के बाढ़ पीड़ित परिवार सर्दी में ठिठुर रहे हैं। मुख्यमंत्री से चेक व पट्टे का स्वीकृतपत्र पाने वाली कुसुमा देवी ने बताया कि सर्दी बढ़ने से आग जलाकर रात गुजारनी पड़ रही है। चार दिन पूर्व कुछ अधिकारी व लेखपाल आए थे, लेकिन पट्टे की भूमि अभी तक चिह्नित नहीं की जा सकी।
तीन दिन में मिलेगा आवासीय पट्टे की भूमि पर कब्जा
एसडीएम सदर संजय कुमार सिंह ने बताया कि 52 बाढ़ पीड़ितों को आवासीय पट्टे पहले ही आवंटित किए जा चुके हैं। आवास की धनराशि लाभार्थियों के खाते में भेजी जा चुकी है। तीन दिन में भूमि चिह्नित कर 80 वर्गमीटर के आवासीय पट्टे पर कब्जा दिला दिया जाएगा। इससे बाढ़ पीड़ित अपने आवासों का निर्माण शुरू करा सकेंगे।
