Chamba News:शरारती तत्वों ने फूंक दिया जंगल, धुएं में उड़ गए रखवाली के दावे – Miscreants Set The Forest Ablaze; Claims Of Protection Went Up In Smoke
मुगला के जंगल में मशाल लेकर पहुंचे दो लोगों पर आग लगाने का आरोप
छोटी सी चिंगारी ने लिया विकराल रूप, रातभर सुलगता रहा वन क्षेत्र
जंगलों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की निगरानी व्यवस्था कितनी कारगर है, इसका सवाल मुगला की घटना ने खड़ा कर दिया है। जिला मुख्यालय से चंद किलोमीटर दूर रात के अंधेरे में जंगल को आग के हवाले कर दिया गया। आग की लपटें उठती रहीं, वन संपदा जलती रही और सुबह तक किसी विभागीय कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई। घटना ने वन रक्षकों की रात्रिकालीन गश्त और जंगलों की सुरक्षा के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला मुख्यालय से महज चार किलोमीटर दूर सत्संग भवन मुगला के साथ लगते जंगल में शनिवार रात करीब आठ बजे आग भड़क गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो लोग हाथों में मशाल लेकर जंगल में पहुंचे और सूखी घास में आग लगा दी। देखते ही देखते आग फैलने लगी और रात नौ बजे तक वन क्षेत्र का बड़ा हिस्सा लपटों से घिर गया। जंगल से उठता धुआं और आग की लालिमा दूर से दिखाई देने लगी।
आग की तपिश से पक्षी अपने घोंसले छोड़कर सुरक्षित पेड़ों की ओर उड़ते नजर आए। आसपास के लोग इस घटनाक्रम को देखते रहे, लेकिन मौके पर वन विभाग के कर्मचारी आग लगाने वालों को पकड़ने या आग पर काबू पाने के लिए नजर नहीं आए। देर रात तक जंगल सुलगता रहा। रविवार सुबह तक आग की तपिश बनी रही और बाद में यह अपने आप बुझ गई। वन संपदा को हुए नुकसान का आकलन विभाग की ओर से किया जाना है। उधर, मुख्य वन अरण्यपाल राकेश कुमार ने बताया कि जंगलों में आग लगाने वालों को पकड़ने के लिए विभागीय टीमें सक्रिय हैं। स्थानीय लोग भी ऐसे लोगों की सूचना देकर उन्हें पकड़ने में विभाग की सहायता कर सकते हैं।
जिला मुख्यालय के साथ लगते जंगलों की सुरक्षा का ही ऐसा हाल है तो ग्रामीण क्षेत्रों में वन संपदा की रखवाली की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। – संजय कुमार
जंगल में आग लगाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कब होगी। विभाग को ऐसी घटनाएं रोकने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करनी चाहिए। – भविंद्र कुमार
