हमीरपुर। हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा और त्वरित राहत-बचाव व्यवस्था को परखने के लिए रविवार को राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में मॉकड्रिल की गई। अभ्यास के दौरान हवाई हमले का सायरन बजते ही शहर में ब्लैकआउट कर दिया गया। साथ ही विभिन्न विभागों की टीमें सक्रिय हो गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
मॉकड्रिल में मिसाइल हमले की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई। मिसाइल गिरने के बाद शहर के कई हिस्सों में आग लगने और लोगों के घायल होने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचीं, जबकि बचाव दल ने आग में फंसे और घायल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास से वास्तविक आपदा के समय कम से कम समय में प्रभावी कार्रवाई करने और जनहानि को रोकने में मदद मिलती है। अभ्यास के दौरान लोगों को बताया गया कि हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन सुनाई देने पर घबराने के बजाय सतर्कता बरतें और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
मॉकड्रिल में एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एएसपी अरविंद कुमार वर्मा, सदर सीओ यशपाल सिंह समेत आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी टीमों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव अभियान का प्रदर्शन किया।

फोटो 22 एचएएमपी 19 – सायरन बजने के बाद छाया अंधेरा व बचाव को जमीन पर लेटे लोग। संवाद