Farrukhabad News:मजबूत गठबंधन से रोचक होगा चुनावी मुकाबला – A Strong Alliance Will Make The Electoral Contest Interesting.a Strong Alliance Will Make The Electoral Contest Interesting
फोटो-2 पितौरा स्थित जाकिर महल में पत्रकारों से वार्ता करते सलमान खुर्शीद। संवाद
– खुर्शीद बोले-सपा के साथ सीटों के तालमेल पर बातचीत सकारात्मक दिशा में
संवाद न्यूज एजेंसी
कायमगंज (फर्रुखाबाद)। पूर्व केंद्रीय विदेश मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूत गठबंधन बना तो मुकाबला बेहद रोचक होगा। ऐसे में चुनावी नतीजों को लेकर कुछ भी संभव है। उन्होंने सपा के साथ सीटों के तालमेल पर बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की बात कही।
रविवार को पितौरा स्थित जाकिर महल में चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री चेहरा बनाए जाने और मुस्लिम-दलित समीकरण के सवाल पर सलमान खुर्शीद ने कहा कि सत्ता में आने के लिए विभिन्न दलों के बीच समन्वय स्वाभाविक है। हालांकि, गठबंधन केवल किसी को सत्ता से हटाने के उद्देश्य से नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता के सामने स्पष्ट विकल्प और विचारधारा भी रखनी चाहिए।
सपा के साथ सीटों के बंटवारे पर उन्होंने कहा कि बातचीत संतोषजनक दिशा में आगे बढ़ रही है। सीटों की संख्या को लेकर अंतिम दौर तक 10-12 सीटों का फेरबदल हो सकता है लेकिन शीर्ष नेतृत्व के बीच संवाद सकारात्मक है। गठबंधन न होने के दूरगामी परिणाम लोकतंत्र और सहयोगी दलों के लिए ठीक नहीं होंगे।
मतदाता सूची पुनरीक्षण के मुद्दे पर खुर्शीद ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को मतदान का संवैधानिक अधिकार है। किसी को इससे वंचित नहीं किया जाना चाहिए। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है। फॉर्म-6 और फॉर्म-7 से जुड़ी आपत्तियों पर भी विचार हो रहा है।
हैदराबाद समिट में विदेशी मेहमानों की टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवाद के अपने दायरे हैं। किसी बयान या देश की प्रतिष्ठा को लेकर आपत्ति होने पर उसका निर्णय अदालत और संविधान के दायरे में होना चाहिए। इस दौरान पूर्व विधायक लुईस खुर्शीद, जिलाध्यक्ष शकुंतला देवी, उजैर खान, आफताब खां, ऊषा दुबे, मुफ्ती जफर, अंबार अली, तारीख बशीर, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।
