नहाने के बाद शरीर पर होने लगती है खुजली? रोजाना की ये 5 गलतियां हो सकती हैं जिम्मेदार, जानें बचाव के तरीके
क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि नहाने के बाद शरीर साफ होने के बजाय खुजली करने लगता है? कई बार हाथ-पैर, पीठ और पेट की त्वचा पर नहाने के तुरंत बाद खिंचाव, जलन या खुजली महसूस होने लगती है. सर्दियों में यह परेशानी ज्यादा देखने को मिलती है, क्योंकि ठंडी और शुष्क हवा त्वचा की नमी को कम कर देती है. लेकिन सिर्फ मौसम ही इसके लिए जिम्मेदार नहीं होता. नहाते समय की कुछ छोटी-छोटी गलतियां भी त्वचा को नुकसान पहुंचा सकती हैं.
दरअसल, हमारी त्वचा पर प्राकृतिक तेलों की एक परत होती है, जो उसे मुलायम रखने और नमी बनाए रखने में मदद करती है. बार-बार इस परत के प्रभावित होने से त्वचा रूखी और संवेदनशील हो सकती है. आइए जानते हैं नहाने के बाद होने वाली खुजली से बचने के लिए किन आदतों को बदलना जरूरी है.
जरूरत से ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल
ठंड के दिनों में गर्म पानी से नहाना सुकून देता है, लेकिन बहुत गर्म पानी त्वचा के लिए परेशानी पैदा कर सकता है. अधिक तापमान वाला पानी त्वचा की प्राकृतिक चिकनाई को हटाने लगता है. इससे त्वचा की बाहरी सुरक्षा परत कमजोर हो सकती है और नमी तेजी से कम होने लगती है. नतीजतन नहाने के बाद खुजली और खिंचाव महसूस हो सकता है. इसलिए हल्के गुनगुने पानी से नहाएं और लंबे समय तक शॉवर के नीचे खड़े रहने से बचें.
शरीर पर बार-बार साबुन लगाना
कुछ लोगों को लगता है कि ज्यादा साबुन लगाने से त्वचा बेहतर तरीके से साफ होती है. लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है. तेज खुशबू और हार्श क्लींजिंग एजेंट वाले साबुन त्वचा के प्राकृतिक तेल को हटा सकते हैं. इससे ड्राईनेस बढ़ सकती है. बेहतर होगा कि माइल्ड और फ्रेगरेंस फ्री क्लींजर का इस्तेमाल करें. खासकर सर्दियों में ऐसे प्रोडक्ट चुनें जो त्वचा को जरूरत से ज्यादा रूखा न बनाएं.
तौलिए से शरीर को जोर-जोर से रगड़ना
नहाने के बाद शरीर को सुखाने का तरीका भी त्वचा की सेहत पर असर डालता है. गीली त्वचा को तौलिए से तेजी से रगड़ने पर घर्षण बढ़ता है. इससे त्वचा में जलन और खुजली हो सकती है. इसकी जगह मुलायम तौलिए से शरीर को धीरे-धीरे थपथपाकर सुखाएं. कोशिश करें कि त्वचा में थोड़ी नमी बाकी रहे, ताकि मॉइस्चराइजर लगाने से उसका फायदा बेहतर मिल सके.
नहाने के बाद मॉइस्चराइजर नहीं लगाना
नहाने के बाद त्वचा को अतिरिक्त नमी की जरूरत होती है. अगर आप इस समय मॉइस्चराइजर नहीं लगाते हैं, तो त्वचा से पानी तेजी से बाहर निकल सकता है. इससे रूखापन और खुजली बढ़ सकती है. इसलिए नहाने के तुरंत बाद हल्की नम त्वचा पर बॉडी लोशन या मॉइस्चराइजिंग क्रीम लगाएं. बहुत ज्यादा ड्राई स्किन के लिए गाढ़ी क्रीम या पेट्रोलियम जेली भी उपयोगी हो सकती है.
रोजाना स्क्रब और लूफा का इस्तेमाल
त्वचा को साफ रखने के लिए रोजाना स्क्रब करना या लूफा से जोर-जोर से रगड़ना जरूरी नहीं है. ऐसा करने से त्वचा की ऊपरी परत पर घर्षण बढ़ता है और उसकी प्राकृतिक सुरक्षा प्रभावित हो सकती है. खासकर जिन लोगों की त्वचा पहले से रूखी है, उन्हें इस आदत से बचना चाहिए. नहाते समय हाथों से हल्की सफाई करना पर्याप्त हो सकता है.
खुजली से बचने के लिए क्या करें?
नहाने का समय 5-10 मिनट तक रखें और गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें. नहाने के बाद तुरंत मॉइस्चराइजर लगाएं और ऐसे साबुन से दूरी बनाएं जिनसे त्वचा में जलन होती है. अगर खुजली लगातार बनी रहती है, रात में बढ़ती है या त्वचा पर लाल चकत्ते और सूजन दिखाई देते हैं, तो इसे सामान्य रूखापन समझकर नजरअंदाज न करें. ऐसी स्थिति में त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है.
