रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Jind News:ढाई साल पहले शुरू की थी खेल नर्सरी, अब 45 खिलाड़ी रोजाना कर रहे अभ्यास – A Sports Nursery Was Started Two And A Half Years Ago; Now, 45 Athletes Train There Daily
जींद

Jind News:ढाई साल पहले शुरू की थी खेल नर्सरी, अब 45 खिलाड़ी रोजाना कर रहे अभ्यास – A Sports Nursery Was Started Two And A Half Years Ago; Now, 45 Athletes Train There Daily

November 23, 2026


A sports nursery was started two and a half years ago; now, 45 athletes train there daily.

22जेएनडी13: कोच बिट्टू भौंगरा गांव में चल रही वुशु नर्सरी में ​खिलाड़ियों के साथ। स्रोत: कोच

जींद। जिस भौंगरा गांव में ढाई साल पहले वुशु खेल से गिने-चुने लोग ही परिचित थे, आज उसी गांव के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तैयार हैं। गांव में वुशु खेल की इस नई पहचान के पीछे कोच बिट्टू की मेहनत और समर्पण है।

उन्होंने ढाई साल पहले गांव में वुशु की खेल नर्सरी शुरू कर बच्चों को इस खेल से जोड़ने की पहल की थी। शुरुआत में खिलाड़ियों को तैयार करना और बच्चों को खेल के प्रति जागरूक करना चुनौतीपूर्ण रहा लेकिन कोच के निरंतर प्रयासों से नर्सरी में खिलाड़ियों की संख्या बढ़ती गई। आज यहां 45 खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर रहे हैं।

अब तक 24 खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं तक पहुंच चुके हैं, जबकि तीन खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए हुआ है। इनमें आर्यन और लक्ष्य रंगा का चयन जूनियर वर्ग के सांडा इवेंट में हुआ है। दोनों खिलाड़ी जनवरी 2027 में झारखंड के रांची में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। वहीं महिला खिलाड़ी पतन का चयन सब-जूनियर वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। वह 18 से 24 दिसंबर तक ओडिशा के भुवनेश्वर में होने वाली प्रतियोगिता में दमखम दिखाएंगी।

राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने वाले इन खिलाड़ियों की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत रही है। कोच बिट्टू खिलाड़ियों को खेल की तकनीकी बारीकियां सिखाने के साथ उनकी शारीरिक क्षमता और मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान देते हैं।

एनआईएस पटियाला से डिप्लोमाधारक हैं कोच बिट्टू

कोच बिट्टू ने एनआईएस पटियाला से डिप्लोमा प्राप्त किया है। अपने प्रशिक्षण और अनुभव के आधार पर वह गांव के खिलाड़ियों को वुशु की तकनीक, शारीरिक फिटनेस और मुकाबले की तैयारी करवा रहे हैं। खिलाड़ियों को केवल खेल की तकनीक ही नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और विपरीत परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए भी तैयार किया जाता है। ढाई साल के भीतर भौंगरा गांव में वुशु की पहचान बनना कोच और खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि राष्ट्रीय स्तर पर भी ये खिलाड़ी पदक जीतकर गांव और जिले का गौरव बढ़ाएंगे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X