Fatehpur News:गलत दिशा में 500 मीटर चलने की जल्दबाजी पड़ी भारी, कार सवार की मौत – Haste Leads To Disaster: Car Occupant Dies After Driving 500 Metres In The Wrong Direction
फतेहपुर। कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर कल्यानपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात गलत दिशा में कार दौड़ाना सवारों को भारी पड़ गया। हादसे में कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के कोयला नगर निवासी अरुण सिंह (37) की मौत हो गई, जबकि उनका साथी अंबर चौरसिया घायल हो गया।
अरुण सिंह इंटीरियर डिजाइनिंग का काम करते थे। वह अपने साथी के साथ कार से प्रयागराज से घर लौट रहे थे। कल्यानपुर थाना क्षेत्र पहुंचने से पहले दूसरी दिशा में स्थित पंप पर सीएनजी भरवाने के लिए वे बड़ौरी अंडरपास से पहुंचे। सीएनजी भरवाने के बाद करीब 500 मीटर की दूरी तय कर मुरादीपुर अंडरपास पहुंचने के बजाय उन्होंने उल्टी दिशा में प्रयागराज की ओर कार दौड़ा दी।
पुलिस के मुताबिक कार की रफ्तार तेज थी। तभी कानपुर की ओर जा रहा बकरी लदा ट्रक सामने आ गया। तेज रफ्तार के चलते कार सवार वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके और ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में अरुण सिंह की मौत हो गई और अंबर चौरसिया घायल हो गए। थानाध्यक्ष तुषार श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल
फतेहपुर। बकेवर थाना क्षेत्र में निचली रामगंगा नहर पुल के पास शनिवार को बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए। मलवां थाना क्षेत्र के बकौली निवासी अजय कुमार और विकास सोनकर शनिवार देर शाम बाइक से कानपुर गांव जा रहे थे। नहर पुल के पास सामने से बाइकों की भिड़ंत में दोनों घायल हो गए। दूसरी बाइक के सवार मौके से भाग निकले। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
