Tehri News:सर्दी में बढ़े अस्थमा, खांसी और जुकाम के मरीज – Increase In Asthma, Cough, And Cold Patients During Winter
डॉक्टर बोले, विशेष सावधानी बरतने की है जरूरत
संवाद न्यूज एजेंसी
नई टिहरी। मौसम में हो रहे बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम के मरीज भी बढ़ने लगे हैं। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर मरीजों को अपने नजदीकी अस्पताल में डॉक्टर से जांच करानी चाहिए जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सके। अभी यहां बौराड़ी जिला अस्पताल में प्रतिदिन पहुंचने वाले मरीजों की संख्या पहले से ज्यादा करीब 40 तक पहुंच गई है।
सर्दी का मौसम शुरू हो गया है। अभी सुबह-शाम ज्यादा ठंड महसूस की जा रही है। इस मौसम में अस्थमा, खांसी और जुकाम होने लगता है। खासकर बच्चे और बुजुर्गों को ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जिला अस्पताल बौराड़ी में पहले सामान्य के दिनों में जहां 20-25 मरीज पहुंच रहे थे वहीं वह इन दिनों बढ़कर 40-45 हो गए हैं। चिकित्सक ने हृदय रोगियों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। जिला अस्पताल बौराड़ी के सीएमएस डाॅ.भागीरथी गर्ब्याल का कहना है कि सर्दी के मौसम में खांसी-जुकाम के मरीज बढ़ जाते हैं। बीमारी से बचने के लिए सभी लोग गरम कपड़े पहने, गुनगुना पानी पिएं, फास्ट फूड खाने से बचें और रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए पौष्टिक भोजन खाएं। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर डाॅक्टर को जरूर दिखाएं।
