Balrampur News:157 वाहनों के चालान कर 1.87 लाख रुपये का लगाया जुर्माना – 157 Vehicles Were Issued Challans, And A Fine Of Rs 1.87 Lakh Was Imposed
बलरामपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत रविवार को विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 157 वाहनों का चालान कर एक लाख 87 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नगर के गोंडा मार्ग, हरिहरगंज बाजार, फुलवरिया बाइपास, सेखुइया चौराहा और भगवतीगंज चौराहे पर वाहनों की जांच की गई। अभियान में प्रेशर हॉर्न, मल्टीटोन हॉर्न, गलत दिशा में ड्राइविंग और मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग और ओवरस्पीडिंग करने वालों के चालान किए गए।
एआरटीओ बृजेश के नेतृत्व में टीम ने वीर विनय चौराहा और झारखंडी मंदिर के पास वाहन चालकों को पंपलेट वितरित कर जागरूक किया। उन्हें हेलमेट और सीटबेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा गलत दिशा में ड्राइविंग से बचने की सलाह दी गई।
एआरटीओ ने कहा कि ओवरस्पीड और गलत दिशा में वाहन चलाना गंभीर हादसों का कारण बन सकता है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई और जागरूकता अभियान जारी रहेगा। टीम में यातायात प्रभारी सुभाष मौर्य और पीटीओ मदन चंद मौजूद रहे।
