व्यापारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण से जुड़ी मांगों को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सदर विधायक राजेंद्र मौर्य को उनके आवास चिलबिला में सौंपा। जिलाध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं से अवगत कराया।
ज्ञापन में व्यापारियों और उनके परिवारों को 10 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा की राशि 10 से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की मांग की गई। इसके अलावा आगजनी और प्राकृतिक आपदा से दुकानों को नुकसान होने पर बिना पंजीकरण की शर्त के आर्थिक सहायता देने, विधान परिषद में व्यापारी प्रतिनिधियों को भेजने तथा पात्र व्यापारियों को प्राथमिकता पर शस्त्र लाइसेंस देने की मांग उठाई गई। जिला महामंत्री अर्पित खंडेलवाल ने कहा कि व्यापारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी। इस दौरान श्याम जायसवाल, मनोज केसरवानी, जवाहर लाल उमरवैश्य, अनिल गोयल, राहुल गुप्ता समेत अन्य व्यापारी मौजूद रहे।