मॉकड्रिल :बमबारी और आगजनी के समय बचाव कार्य का किया अभ्यास – Mock Drill: Practiced Rescue Operations For Scenarios Involving Bombardment And Arson
गाजीपुर। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से रविवार को अफीम फैक्टरी में एयर रेड एवं सिविल डिफेंस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। संयुक्त अभ्यास में हवाई हमले, ब्लैकआउट, आगजनी, बमबारी तथा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों का डेढ़ घंटे में प्रदर्शन किया गया।
मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी ने बताया कि मॉकड्रिल का उद्देश्य युद्ध अथवा किसी अन्य आकस्मिक आपदा की स्थिति में जिला प्रशासन, पुलिस, नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों एवं स्वयंसेवी संगठनों को सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना रहा। मॉकड्रिल के दौरान शाम 6:00 बजे सीआईएसएफ बटालियन द्वारा मॉक सायरन बजाकर हवाई हमले की चेतावनी दी गई।
चेतावनी मिलते ही बिजली निगम द्वारा निर्धारित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट का अभ्यास कराया गया। इस दौरान युद्धकालीन परिस्थितियों में प्रकाश के माध्यम से संभावित लक्ष्य की पहचान रोकने के उद्देश्य से घरों एवं प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद रखने तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
नागरिकों को मोबाइल फोन की रोशनी एवं अन्य प्रकाश स्रोतों का अनावश्यक उपयोग न करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
शाम 6:10 बजे ऑल क्लियर सायरन बजने के बाद बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास शुरू किया गया। पुलिस बल, नेहरू युवा केंद्र (एनवाईके) के प्रतिनिधियों एवं आपदा मित्रों की टीम द्वारा क्षतिग्रस्त भवनों में फंसे व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा उन्हें निर्धारित सुरक्षित स्थानों एवं शरणालयों तक पहुंचाने का सजीव प्रदर्शन किया गया।
इसके माध्यम से आपातकालीन स्थिति में त्वरित रेस्क्यू, सुरक्षित निकासी एवं प्रभावित व्यक्तियों को समय से सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
अग्निशमन विभाग एवं नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों द्वारा आगजनी की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण पाने के लिए अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और आग बुझाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया।
वहीं स्वास्थ्य विभाग एवं रेडक्रॉस सोसाइटी की टीमों द्वारा घायलों की स्थिति के अनुसार टैगिंग, प्राथमिक उपचार तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।
