Kasganj News:बंबा के पास पलटा ई-रिक्शा, युवक की मौत – E-rickshaw Overturns Near Canal; Youth Dies
सहावर। सोरोंजी से घर लौट रहे युवक की जमालपुर बंबा के पास ई-रिक्शा पलटने से रविवार रात मौत हो गई। ई-रिक्शा सड़क किनारे पलटा मिला, जबकि युवक पास में अचेत अवस्था में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
गांव पतसुआ ग्राम पंचायत तारापुर निवासी प्रमोद कुमार (20) पुत्र मेघ सिंह रविवार को किसी काम के सिलसिले में ई-रिक्शा लेकर सोरोंजी गया था। वह रात को ई-रिक्शा से घर लौट रहा था। इस दौरान जमालपुर गांव बंबा के पास ई-रिक्शा पलट गया। इससे वह लहूलुहान होकर दूर जा गिरा। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी तो थाने से टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल को सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने उसको मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे में उसकी मौत की सूचना परिजन को दी तो चीख-पुकार मच गई। परिजन रोते-बिलखते हुए सीएचसी पहुंच गए। सहावर थाना प्रभारी रितेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर ई-रिक्शा पलटा मिला था। मृतक पास में पड़ा था। मामले की जांच की जा रही है।
