Hathras News:1.27 लाख बच्चों ने पी पोलियो रोधी दवा – 1.27 Lakh Children Took Anti-polio Medicine
हाथरस। पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिले के 700 बूथों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। पहले दिन 1,27,583 बच्चों ने खुराक पी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी दिनभर कम कवरेज वाले बूथों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
अभियान के तहत जिले में शून्य से पांच वर्ष तक के कुल 2,73,083 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बूथ दिवस पर करीब 46.7 फीसदी बच्चों को कवर कर लिया गया है। अब बूथ पर दवा पीने से छूट गए शेष बच्चों को कवर करने के लिए सोमवार से 27 नवंबर तक डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा।
ईंट भट्ठों व निर्माण स्थलों पर पहुंचेंगी मोबाइल टीमें
घर-घर अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 514 टीमें गठित की गई हैं। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन व प्रमुख चौराहों पर आवागमन करने वाले बच्चों को दवा पिलाने के लिए 56 ट्रांजिट टीमें लगाई गई हैं। वहीं, ईंट भट्ठों और निर्माणाधीन भवनों पर कार्यरत श्रमिकों के परिवारों तक पहुंचने के लिए 14 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। इसके बाद भी जो बच्चे छूट जाएंगे, उन्हें दवा पिलाने के लिए 30 नवंबर को बी-टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अभियान को सफल बनाने के लिए सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए घर-घर अभियान की सघन निगरानी की जाएगी।
-डॉ. वेदप्रकाश अग्रवाल, सीएमओ
