भोपाल गैस त्रासदी मामले में सजा के खिलाफ दायर आपराधिक अपील की सुनवाई के दौरान आरोपों में कथित खामियों पर अलग से सुनवाई की मांग को लेकर दायर तीन याचिकाओं को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया है। जस्टिस हिमांशु जोशी की एकलपीठ ने कहा कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 464 के तहत केवल आरोपों में त्रुटि होना पर्याप्त नहीं है। यह भी साबित करना होगा कि उस त्रुटि से वास्तव में न्याय की विफलता हुई है।
एकलपीठ ने कहा कि इसका निर्धारण पूरे ट्रायल रिकॉर्ड, साक्ष्यों और बचाव पक्ष के तर्कों के आधार पर किया जाना जरूरी है। इसलिए धारा 464 के तहत उठाए गए सभी सवालों पर लंबित आपराधिक अपील की अंतिम सुनवाई के दौरान विचार किया जा सकता है। कोर्ट ने भोपाल जिला न्यायालय को अपील का निराकरण यथासंभव 30 दिनों के भीतर करने का निर्देश दिया है।
ये भी पढ़ें- कानून का शिकंजा: 20 लाख की चोरी कर पुलिस को चकमा देने की साजिश नाकाम, जूते के निशान से पकड़ा गया शातिर चोर
आरोपियों ने बचाव के अधिकार प्रभावित होने का दिया था तर्क
याचिकाकर्ता एसपी चौधरी और अन्य की ओर से दायर याचिकाओं में बताया गया कि दिसंबर 1984 में भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड संयंत्र से गैस रिसाव के मामले में भोपाल की अदालत ने 7 जून 2010 को उन्हें सजा सुनाई थी। इस फैसले के खिलाफ आरोपियों ने अपील दायर की थी। अपील की सुनवाई के दौरान आरोपियों की ओर से 25 अप्रैल 2022 को धारा 464 के तहत आवेदन पेश किया गया था। इसमें तर्क दिया गया कि प्रत्येक आरोपी की विशिष्ट भूमिका और उसके खिलाफ लगाए गए आरोप स्पष्ट नहीं किए गए। इससे उनके बचाव का अधिकार प्रभावित हुआ और न्याय की विफलता हुई। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि आवेदन पर 36 दिनों तक सुनवाई होने के बावजूद निर्णय अंतिम सुनवाई तक टाल दिया गया। इससे न्यायिक समय की बर्बादी और मामले के निराकरण में अनावश्यक देरी हो सकती है।
सीबीआई और सरकार ने किया विरोध
सीबीआई तथा केंद्र और राज्य सरकार की ओर से याचिकाओं का विरोध किया गया। उनकी ओर से तर्क दिया गया कि आरोपों में हुई किसी त्रुटि से आरोपियों को वास्तविक नुकसान हुआ है या नहीं, इसका निर्धारण पूरे मुकदमे के साक्ष्यों, गवाहों के बयानों और आरोपियों के धारा 313 के तहत दर्ज कथनों का परीक्षण करने के बाद ही किया जा सकता है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने तीनों याचिकाएं निरस्त कर दीं। एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि आरोपों में कथित खामियों से न्याय की विफलता हुई या नहीं, इस पर लंबित आपराधिक अपील की अंतिम सुनवाई के दौरान विचार किया जाएगा। साथ ही भोपाल जिला न्यायालय को अपील का निराकरण यथासंभव 30 दिनों में करने के निर्देश दिए।