Rampur News:अवैध हथियार फैक्टरी के मामले में बिलासपुर के फार्म हाउस पर एटीएस का छापा – Ats Raids A Farmhouse In Bilaspur In Connection With An Illegal Arms Factory Case
बिलासपुर। जिला बरेली के थाना बहेड़ी क्षेत्र में पकड़ी गई अवैध हथियारों की फैक्टरी के मामले में जांच तेज हो गई है। लखनऊ से आई एटीएस की टीम ने रविवार देर रात कोतवाली क्षेत्र के स्वालेपुर गांव में छापा मारा। टीम ने एक फार्म हाउस पर तलाशी लेने के बाद एक युवक को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। देर रात हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले बरेली जिले के थाना बहेड़ी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार बनाने की फैक्टरी का भंडाफोड़ किया था। मौके से बड़ी संख्या में बने और अधबने अवैध हथियार, हथियार बनाने के औजार और अन्य सामान बरामद किया गया था।
पुलिस ने फैक्टरी संचालित करने के आरोप में कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामला उच्च स्तर का और अंतरजनपदीय नेटवर्क से जुड़ा होने के कारण शासन के निर्देश पर एटीएस ने इसकी जांच अपने हाथ में ले ली है।
सूत्रों के मुताबिक, एटीएस की जांच में सामने आया है कि अवैध हथियारों के इस कारोबार में कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जो पर्दे के पीछे से फैक्टरी के संचालन में मदद कर रहे थे। इन्हीं सूचनाओं के आधार पर एटीएस ने जांच का दायरा बढ़ाया।
रविवार रात टीम बहेड़ी पुलिस के साथ कोतवाली क्षेत्र के स्वालेपुर गांव पहुंची। यहां एक फार्म हाउस पर छापा मारकर काफी देर तक तलाशी ली और मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद एक युवक को हिरासत में लेकर अपने साथ ले गई। हालांकि, युवक का हथियार फैक्टरी के नेटवर्क से जुड़ाव होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सीओ पीपी सिंह ने कार्रवाई की जानकारी होने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले में कोई जानकारी नहीं है। वहीं, स्थानीय पुलिस भी कुछ बोलने से बच रही है। माना जा रहा है कि एटीएस ने कार्रवाई को गोपनीय रखा था।
सूत्रों की मानें तो टीम इस मामले में अन्य लोगों से भी पूछताछ कर सकती है। आने वाले दिनों में नेटवर्क से जुड़े दूसरे ठिकानों पर भी कार्रवाई की संभावना है।
