Kushinagar News:ढाढ़ा ओवरब्रिज पर भिड़े दो ट्रक, चार घंटे तक हाईवे पर लगा रहा जाम – Two Trucks Collided On The Dhadha Overbridge, Leading To A Four-hour Traffic Jam On The Highway
– एक चालक केबिन में फंसा, गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर
– देर शाम तक बंद रही हादसे वाली लेन
हाटा। फोरलेन की एक पटरी पर वनवे यातायात के दौरान सोमवार सुबह ढाढ़ा ओवरब्रिज पर विपरीत दिशाओं से आ रहे दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रक का चालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद गोरखपुर-कसया मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। हाईवे पर चार घंटे से अधिक समय तक जाम लगा रहा। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लगने से राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। हादसे वाली लेन देर शाम तक बंद रही।
जानकारी के अनुसार, प्याज लदा ट्रक गोरखपुर से कसया की ओर जा रहा था, जबकि धान लदा दूसरा ट्रक कसया से गोरखपुर की तरफ आ रहा था। ढाढ़ा ओवरब्रिज पर दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। इसमें गोरखपुर की ओर जा रहे ट्रक का चालक सुखविंदर सिंह (40) निवासी आलखंड, थाना भवानीपुर, जिला संगरूर (पंजाब) केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकलवाया और सीएचसी हाटा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। दूसरे ट्रक का चालक सुरक्षित बच गया।
टक्कर के बाद दोनों ट्रक सड़क पर फंस गए, जिससे हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। कार, बस, ट्रक और दोपहिया वाहनों की कतारें दूर तक लग गईं। जाम में फंसे कई यात्री निर्धारित समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके। लंबी दूरी के यात्रियों और मालवाहक वाहनों के चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई। कुछ वाहन चालक वैकल्पिक रास्तों की तलाश में भटकते रहे।
स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने गोरखपुर की तरफ से आने वाले वाहनों को ओवरब्रिज के बगल से बनी सर्विस लेन के रास्ते आगे निकलवाया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों को हटाने और यातायात सामान्य कराने में चार घंटे से अधिक का समय लग गया। इसके बावजूद हादसे वाली लेन देर शाम तक चालू नहीं हो सकी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फ्लाईओवर निर्माण और मरम्मत कार्य के चलते हाईवे की एक पटरी पर वनवे व्यवस्था लागू है। सीमित जगह में विपरीत दिशाओं से वाहनों की आवाजाही होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सोमवार के हादसे ने निर्माणाधीन हाईवे पर यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
