रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
बिहार:21 साल बाद मुख्यमंत्री ने किया सोनपुर मेले का उद्घाटन, सम्राट चौधरी बोले- बिहार की पहचान है यह मेला – Bihar News Sonpur Mela 2026 Cm Samrat Chaudhary Inaugurated The Sonepur Mela Vaishali News
मुज़फ़्फ़रपुर

बिहार:21 साल बाद मुख्यमंत्री ने किया सोनपुर मेले का उद्घाटन, सम्राट चौधरी बोले- बिहार की पहचान है यह मेला – Bihar News Sonpur Mela 2026 Cm Samrat Chaudhary Inaugurated The Sonepur Mela Vaishali News

November 23, 2026


विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का रविवार को भव्य आगाज हो गया। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शाम को नखास क्षेत्र स्थित पर्यटन विभाग के मुख्य सांस्कृतिक मंच से मेले का विधिवत उद्घाटन किया। करीब 21 साल बाद ऐसा मौका आया है, जब बिहार के किसी मुख्यमंत्री ने खुद सोनपुर मेले का उद्घाटन किया है। इससे पहले 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मेले का उद्घाटन किया था। मुख्यमंत्री के रूप में सम्राट चौधरी का यह पहला सोनपुर मेला उद्घाटन है।

पहले बाबा हरिहरनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना

उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मंदिर समिति और जनप्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। मंदिर से निकलने के बाद मुख्यमंत्री अश्वारोही दस्ते की अगुवाई में शाही अंदाज में मुख्य समारोह स्थल पहुंचे। रास्ते में जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

उद्घाटन समारोह में कई मंत्री और सांसद रहे मौजूद

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री सह सारण प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी और महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल मौजूद रहे। मुख्य मंच से संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोनपुर मेले को बिहार की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सोनपुर मेला सिर्फ पशु मेला नहीं, बल्कि बिहार की पहचान है। हरिहर क्षेत्र हजारों साल पुराना है, जहां हरि और हर दोनों का वास है। गज-ग्राह की पौराणिक कथा से जुड़ा यह स्थान पूरे देश के लिए आस्था का केंद्र है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस ऐतिहासिक मेले को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। सोनपुर को पर्यटन के नक्शे पर और मजबूती से स्थापित किया जाएगा। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि सोनपुर विधानसभा क्षेत्र को उन्होंने गोद लिया है। ऐसे में यहां के विकास पर सरकार विशेष ध्यान देगी।

32 दिनों तक चलेगा सोनपुर मेला

इस बार सोनपुर मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक आयोजित होगा। कुल 32 दिनों तक चलने वाले इस मेले को एशिया का सबसे बड़ा पशु मेला माना जाता है। इस बार मेले में परंपरा के साथ आधुनिकता का संगम देखने को मिलेगा। पर्यटन विभाग ने पर्यटकों के ठहरने के लिए फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाओं वाले छह स्विस कॉटेज और राजवाड़ी टेंट तैयार किए हैं। सांस्कृतिक पंडाल, आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज, लाइट एंड साउंड शो, गंगा आरती, नौका दौड़, कुश्ती, पतंगबाजी, मौत का कुआं, झूले और विभिन्न मनोरंजन के साधन मेले के प्रमुख आकर्षण होंगे। जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्य मंच और प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X