पहाड़ों पर गिरी बर्फ तो क्यों दिल्ली में निकलने लगे मोटे कंबल? क्या है वेस्टर्न-डिस्टर्बेंस और मौसम का कनेक्शन
Last Updated:
पंजाब से दिल्ली तक और जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान तक उत्तर भारत में पड़ने वाली सर्दी की असली वजह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ही होता है.वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिम दिशा से भारत की ओर आने वाला एक ऐसा मौसमी सिस्टम है, जो अपने साथ नमी लेकर आता है.
क्या है वेस्टर्न-डिस्टर्बेंस और मौसम का कनेक्शन
उत्तर भारत में जिस ठंड का इंतजार लोग ऑक्टूबर के आखिर से ही कर रहे हैं, वो ठंड अब नवंबर के आखिरी हफ्ते से पहले महसूस होनी शुरू हो गई है. दिन में भले ही निकलती धूप सर्दी का एहसास नहीं होने दे रही, पर सुबह और शाम को हाथ-पैर कंपकपाने लगे हैं. कुछ दिनों पहले ही जम्मू और उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बर्फ गिरने की खबरों के बाद दिल्ली वालों ने भी अलमारी से गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं. पर आखिर पहाड़ों की बर्फ दिल्लीवालों के कंबल कैसे निकलावा देती है? इस सब के पीछे है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जो भारत के मौसम को बदलने वाला एक अहम मौसमी सिस्टम है.
पंजाब से दिल्ली तक और जम्मू-कश्मीर से लेकर राजस्थान तक उत्तर भारत में पड़ने वाली सर्दी की असली वजह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस ही होता है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिम दिशा से भारत की ओर आने वाला एक ऐसा मौसमी सिस्टम है, जो अपने साथ नमी लेकर आता है. इसके कारण सर्दियों में सूखे मौसम के बीच अचानक बादल छा सकते हैं और बारिश या बर्फबारी होती है.
कहां से आता है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस मुख्य रूप से भूमध्य सागर, कैस्पियन सागर और काला सागर के आसपास के क्षेत्रों में बनने वाली वायुमंडलीय हलचलों से जुड़ा होता है. ये पश्चिमि हवाओं के साथ पूर्व दिशा में बढ़ता है. यह ईराक, अफगानिस्तान-पाकिस्तान होते हुए उत्तर भारत खासकर जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंचता है. यही वो सिस्टम है जो भारत में सर्दियां लाता है, हवा की दिशा बदलती है और बादल और कोहरा होने लगता है. इसी के चलते दिल्ली में नवंबर के महीने में बारिश की उम्मीद लगाई जा रही है, ताकि प्रदूषण धुल जाए.
जब वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमालय के पास पहुंचता है, तो इसके साथ आने वाली नम हवाएं पहाड़ों से टकराकर ऊपर उठती हैं. ऊंचाई पर तापमान कम होने के कारण जलवाष्प संघनित होकर बादल बनाती है. इसके बाद बारिश या बर्फबारी होती है. बारिश के साथ-साथ यही सिस्टम तापमान में बदलाव भी करता है. जैसे आसमान के बादल दिन में सूरज की रोशनी आने से रोकते हैं और दिन का तापमान गिरने लगता है. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण वातावरण में नमी बढ़ती है. बारिश के बाद जमीन और निचले वातावरण में मौजूद नमी, हवा की गति और तापमान जैसी परिस्थितियां अनुकूल हों तो घना कोहरा भी बन सकता है.
किसानों के लिए क्यों जरूरी है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस?
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस को खेती के लिहाज से काफी अहम माना जाता है. उत्तर भारत में गेहूं, सरसों और चने जैसी रबी फसलों की बुवाई और बढ़वार के दौरान होने वाली हल्की सर्दियों की बारिश फायदेमंद होती है. इससे खेतों में नमी बनी रहती है और सिंचाई की जरूरत कुछ कम हो सकती है. लेकिन अगर बारिश बहुत तेज हो जाए या ओलावृष्टि हो, तो खड़ी फसल को नुकसान पहुंच सकता है. पहाड़ों पर जमा होने वाली बर्फ भी गर्मियों में पिघलकर नदियों और जलस्रोतों को पानी उपलब्ध कराने में योगदान देती है.
