रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Fatehabad News:जर्जर आवासों से परेशान बिजली कर्मचारी – Electricity Department Employees Troubled By Dilapidated Housing
फतेहाबाद

Fatehabad News:जर्जर आवासों से परेशान बिजली कर्मचारी – Electricity Department Employees Troubled By Dilapidated Housing

November 23, 2026


फतेहाबाद। बिजली निगम में ऑनलाइन ट्रांसफार्मर पॉलिसी के तहत दूसरे जिलों से तबादला होकर फतेहाबाद आए कर्मचारियों के सामने आवास की समस्या खड़ी हो गई है। निगम के आवासीय भवन जर्जर होने के कारण कर्मचारी अपने परिवारों के साथ निजी मकानों में किराए पर रहने को मजबूर हैं। शहर में मकानों का किराया अधिक होने से कर्मचारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि निगम की ओर से मिलने वाला मकान किराया भी पर्याप्त नहीं है।

बिजली निगम की ओर से कर्मचारियों को हर माह मूल वेतन का 8 प्रतिशत मकान किराया दिया जाता है, लेकिन इस राशि में शहर में उचित मकान मिलना मुश्किल है। ऐसे में कर्मचारी लंबे समय से नए आवासीय भवनों के निर्माण की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार, 132 केवीए बिजली घर में निगम की ओर से वर्ष 1972 में 22 परिवारों के रहने के लिए क्वार्टर बनाए गए थे। करीब 53 साल पुराने इन क्वार्टरों को लगभग 10 साल पहले जर्जर घोषित कर दिया गया था। वर्तमान में इनमें केवल छह परिवार ही रह रहे हैं।

—

कर्मचारियों का ड्यूटी स्थल के नजदीक रहने से मिलती है सुविधा

वहीं जिले के उपमंडल बड़ोपल, शहरी उपमंडल और भट्टू में बने आवासीय भवनों को अभी तक जर्जर घोषित नहीं किया गया है। इसके चलते नए भवनों के निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार नहीं हो पाया है। दूसरी ओर दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से कर्मचारियों के लिए ड्यूटी स्थल से 20 किलोमीटर के दायरे में रहना जरूरी किया गया है, ताकि बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी आने पर कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंच सकें। आवास की कमी के कारण कर्मचारियों को इस व्यवस्था के तहत रहने में भी परेशानी हो रही है।

नए आवास बनने से कम होगा आर्थिक बोझ

बिजली निगम की यूनियन के प्रधान भूप सिंह ने बताया कि पुराने भवनों को जर्जर घोषित करके कर नए आवासीय भवनों का निर्माण किया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि सरकारी आवास उपलब्ध होने से किराए पर होने वाला खर्च बचेगा और ड्यूटी स्थल तक पहुंचना भी आसान होगा।

: कर्मचारियों के लिए आवास बनते हैं तो उनका वित्तीय बोझ कम होगा। साथ ही ड्यूटी पर पहुंचने में भी आसानी रहेगी। शहरी उपमंडल में बने आवास पिछले कई वर्षों से जर्जर होने के कारण खाली पड़े हैं।

रविंद्र, एसडीओ, शहरी उपमंडल, बिजली वितरण निगम, फतेहाबाद।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X