Mohali News:स्टूडेंट फंड सरकारी खजाने में जमा करने के फैसले का विरोध – Opposition To The Decision To Deposit Student Funds Into The Government Treasury
विद्यार्थियों ने प्रिंसिपल को सौंपा मांगपत्र, आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
खरड़। पंजाब सरकार के पॉलिटेक्निक कॉलेजों के स्टूडेंट फंड और डेवलपमेंट फंड सरकारी खजाने में जमा करवाने के फैसले का विद्यार्थियों ने विरोध किया है। सरकारी पॉलिटेक्निक कॉलेज खुनी माजरा के विद्यार्थियों ने इस संबंध में प्रिंसिपल को मांगपत्र सौंपकर फैसला वापस लेने की मांग की।
विद्यार्थियों दिनेश शर्मा, गुरजोत सिंह, जसकीरत, मोनिका तिमान, रोहित, युवराज ठाकुर, सतविंदर और रविकांत ने कहा कि इन फंडों का इस्तेमाल छात्र कल्याण और कॉलेज की गतिविधियों के लिए होना चाहिए। इनसे युवा मेले, खेल प्रतियोगिताएं, शैक्षणिक भ्रमण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि राशि सरकारी खजाने में जमा होने से विद्यार्थियों से जुड़ी गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। विद्यार्थियों ने मांग की कि फंड कॉलेजों के पास ही रहने दिए जाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर प्रदेश के अन्य पॉलिटेक्निक कॉलेजों के विद्यार्थियों को साथ लेकर आंदोलन किया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री और तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक से हस्तक्षेप की अपील की।
