Panchkula News:आउटसोर्स कर्मियों को अनुबंध पर लाने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश – Instructions Issued To Expedite The Process Of Bringing Outsourced Personnel Onto Contracts
चंडीगढ़। वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने सोमवार को तीन कर्मचारी यूनियनों और नंबरदार यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आउटसोर्स कर्मियों को अनुबंध पर लाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए ताकि कर्मचारियों की इस मांग को जल्द पूरा किया जा सके।
चीमा ने कहा कि निर्धारित श्रेणियों से जुड़े मामलों को जल्द कार्मिक विभाग के पास भेजा जाए ताकि अधिकारियों की समिति समय पर फैसला ले सके। उन्होंने विभागों को अधिनियम से जुड़े किसी भी स्पष्टीकरण के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्मिक विभाग से संपर्क करने के निर्देश भी दिए।
सांझा मुलाजिम मंच पुड्डा की मांगों पर चीमा ने वित्त विभाग के विशेष सचिव को पेंशन संबंधी मुद्दे का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं, नंबरदार यूनियन को आश्वासन दिया कि भत्ते में बढ़ोतरी की मांग सरकार के विचाराधीन है और इस पर जल्द फैसला लिया जाएगा।
बस ऑपरेटरों के मुद्दे केंद्र के समक्ष भी उठाएंगे चीमा
चीमा ने पंजाब मोटर्स यूनियन और मिनी बस ऑपरेटर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक की। इसमें बस ऑपरेटरों की प्रमुख मांगों और शिकायतों पर चर्चा हुई। चीमा ने भरोसा दिया कि राज्य सरकार उनके मुद्दे केंद्र सरकार के समक्ष भी उठाएगी ताकि उनका स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों को एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ विशेष बैठक करने और समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। यूनियन ने राज्यभर के बस ऑपरेटरों को पेश आ रही वित्तीय और परिचालन संबंधी चुनौतियों को उठाया।
