रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कोटद्वार

Kotdwar News:कोटड़ीढांग में गुलदार ने महिला को मार डाला – A Leopard Killed A Woman In Kotridhang

November 24, 2026


गांव की महिलाओं के साथ घास काटने गई थी महिला

घटना से गुस्साए लोग मौके पर पहुंचे

विधानसभा अध्यक्ष भी पहुंची, आदमखोर गुलदार को मारने के आदेश के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

संवाद न्यूज एजेंसी

कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज से सटे सनेह पट्टी के कोटड़ीढांग गांव में एक महिला की गुलदार के हमले में मौत हो गई। महिला जंगल से सटे अपने खेत में घास काटने गई थी। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान कविता कोटियाल (42) पत्नी कमल किशोर, निवासी कोटड़ीढांग, सनेह के रूप में हुई है। घटना के बाद सैकड़ों ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। विस अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों के गुस्से को देखते हुए विस अध्यक्ष ने प्रमुख वन संरक्षक (पीसीसीएफ हॉफ) व पीसीसीएफ वन्यजीव से आदमखोर गुलदार को गोली मारने के आदेश देने को कहा। आदेश मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

सनेह पट्टी के गांव वन क्षेत्र से सटे हैं। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार की सक्रियता बनी हुई थी। कुछ दिन पूर्व गुलदार ने इसी क्षेत्र में एक बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद वन विभाग की ओर से क्षेत्र में नियमित गश्त शुरू करने के साथ ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया था। इसके बावजूद गुलदार की दहशत खत्म नहीं हुई। वार्ड नंबर तीन के क्षेत्रीय पार्षद संजय भंडारी ने बताया कि सोमवार को दिन में करीब 11 बजे कोटड़ीढांग की महिला कविता कोटियाल गांव की अन्य महिलाओं के साथ घास काटने गई थीं। अचानक घात लगाए गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने वन विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। दोपहर बाद हमलावर गुलदार को शूट करने के आदेश मिलने के बाद ही महिला को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया जा सका।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X