Hathras News:हाथरस की तीन विस सीटों पर बढ़ी अटकलों की राजनीति – Politics Of Speculation Increases On The Three Assembly Seats Of Hathras
हाथरस। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए जिले की तीनों विधानसभा सीटों हाथरस (सदर), सादाबाद और सिकंदराराऊ में अटकलों वाली राजनीति तेज हो गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों ने इन सीटों में से कुछ के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए हैं। अब सभी की निगाहें भाजपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशियों पर टिकी हैं। ऐसे में प्रत्याशियों के नाम को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है।
सूत्र बताते हैं कि सत्तारूढ़ भाजपा-रालोद गठबंधन में सीट बंटवारे के लिए मंथन का दौर जारी है। वर्तमान में सादाबाद विधानसभा सीट से भाजपा-रालोद गठबंधन के तहत राष्ट्रीय लोकदल के प्रदीप चौधरी विधायक हैं। आगामी चुनाव के लिए इस सीट से भाजपा और रालोद, दोनों ही दलों के संभावित प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर टिकट की दौड़ में जुटे हुए हैं।
सियासी गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि आगामी चुनाव में भाजपा इस सीट पर कमल चुनाव चिह्न पर अपना प्रत्याशी उतार सकती है। हालांकि, गठबंधन के किसी भी नेता ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इतना जरूर है कि इस अटकल के बीच भाजपा खेमे से टिकट के लिए दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। वे बड़े नेताओं के चक्कर काट रहे हैं। संवाद
भाजपा के पत्ते खुलने का इंतजार
गौरतलब है कि भाजपा ने अभी तक हाथरस सदर, सादाबाद और सिकंदराराऊ में से किसी भी सीट पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, भाजपा और रालोद गठबंधन के बीच सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला होना बाकी है। इसके बाद ही प्रत्याशियों की घोषणा होगी। तब जाकर जिले की तीनों सीटों पर चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।
इन दलों ने घोषित किए अपने प्रत्याशी
हाथरस सदर : चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी ने अपनी चौथी सूची जारी करते हुए हाथरस सदर सीट से रमेश चंद्र को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी है।
सिकंदराराऊ : राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम पार्टी) ने अपने जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा उर्फ बैंजो पंडित को सिकंदराराऊ सीट के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
सादाबाद : जिले की सबसे चर्चित सीटों में शामिल सादाबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी ने देवेंद्र अग्रवाल को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं, बहुजन समाज पार्टी ने इस सीट से अविन शर्मा को प्रत्याशी घोषित कर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
