Rampur News:शिवम यादव का कार्बन कलेक्टर मॉडल रहा प्रथम, मिला आठ हजार का पुरस्कार – Shivam Yadav’s ‘carbon Collector’ Model Secured First Place, Earning An 8,000-rupee Prize
रामपुर। छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने की सोच बड़े आविष्कारों का रास्ता खोल सकती है। असंगठित क्षेत्र के नव प्रवर्तकों ने सोमवार को रामलीला पब्लिक इंटर कॉलेज में आयोजित प्रदर्शनी में अपने जुगाड़ आधारित नवाचारों का प्रदर्शन किया।
जिला विज्ञान क्लब की ओर से आयोजित नवप्रवर्तन जन जागरूकता कार्यक्रम में शिवम यादव का कार्बन कलेक्टर मॉडल प्रथम स्थान पर रहा। उन्हें आठ हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश शासन के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल रहे। विशिष्ट अतिथि सीडीओ गुलाब चंद्र और क्षेत्रीय वैज्ञानिक अधिकारी सुरेश चंद्र शर्मा मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामलीला पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कमल कुमार आर्य ने की।
प्रदर्शनी में प्रतिभागियों ने कम लागत और स्थानीय संसाधनों से तैयार किए गए नवाचारों का प्रदर्शन किया। मूल्यांकन समिति ने उमैमा के टेस्ला कोइल मॉडल को दूसरा स्थान दिया। उन्हें पांच हजार रुपये का चेक मिला। हिफ्जा नूर का नारी सेफ्टी चार्म मॉडल तीसरे स्थान पर रहा। उन्हें तीन हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। इस दौरान जिला समन्वयक डॉ. सोमपाल सिंह, दीपक गुप्ता, शिवम खत्री, राधिका आदि मौजूद रहे।
