Balrampur News:पारिवारिक विवाद के बाद घर से निकली महिला, राप्ती नदी में मिला शव – Woman Leaves Home Following A Family Dispute; Body Found In Rapti River
ललिया। क्षेत्र के बीरपुर कुडवा गांव निवासी 25 वर्षीय हिना का शव रविवार को राप्ती नदी से बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि शनिवार रात पति से विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकल गई थी। इस दौरान वह अपनी एक माह की बच्ची को घर पर ही छोड़ गई थी।
रविवार को कोडरी घाट पुल से एक महिला के नदी में कूदने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। काफी खोजबीन के बाद महिला का शव बरामद हुआ।
देहात कोतवाल गिरिजेश तिवारी ने बताया कि कोडरी घाट पुल से महिला के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से नदी में तलाश कराई गई। काफी प्रयासों के बाद महिला का शव नदी से बाहर निकलवाया गया। उसकी शिनाख्त हिना पत्नी शहाबुद्दीन, उम्र करीब 25 वर्ष, निवासी बीरपुर कुडवा गांव के रूप में हुई।
सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला का ससुराल में किसी पारिवारिक विवाद को लेकर तनाव चल रहा था। आशंका है कि इसी के चलते उसने कोडरी घाट स्थित राप्ती नदी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
