Ambedkar Nagar News:डायल 112 कर्मी की पिटाई के आरोपी को जमानत – Bail Granted To Man Accused Of Assaulting Dial 112 Personnel
अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र में डायल 112 में तैनात पुलिसकर्मी विक्रांत राजभर की पिटाई के मामले में नामजद आरोपी मोहम्मद सैफ को सत्र न्यायालय से जमानत मिल गई है। प्रभारी सत्र न्यायाधीश पवन कुमार शुक्ला ने 80 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही धनराशि के दो जमानतदारों पर रिहाई का आदेश दिया।
अभियोजन के अनुसार, 17 अक्तूबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे विक्रांत राजभर पंडितनगर कॉलोनी स्थित अपने किराये के मकान जा रहे थे। इंजीनियरिंग कॉलेज के आगे आयुष पांडेय ने उनकी बाइक रोककर गाली-गलौज की और फोन कर अभय प्रजापति, मोहम्मद सैफ, शिवा भारती व सनी को बुला लिया। आरोप है कि अभय सरिया लेकर पहुंचा और आयुष ने उससे विक्रांत के सिर पर वार किया। अन्य आरोपियों ने भी मारपीट की, जिससे वह बेहोश हो गए।
बचाव पक्ष ने दलील दी कि सैफ की भूमिका केवल ललकारने तक सीमित थी। उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और न ही उससे कोई बरामदगी हुई है। कोर्ट ने मेडिकल रिपोर्ट में चोटों को साधारण पाए जाने और एक्सरे में फ्रैक्चर न मिलने समेत अन्य परिस्थितियों को देखते हुए गुण-दोष पर टिप्पणी किए बिना जमानत मंजूर कर ली।
