भारत से लौटते वक्त भावुक हुआ अमेरिकी कपल, 5 हफ्तों में देखे देश के अनगिनत रंग, बोला- ऐसा लगा 1000 जन्म जी लिए!
किसी देश को घूमना और वहां की जिंदगी को महसूस करना, दोनों बिल्कुल अलग बातें हैं. कुछ जगहें ऐसी होती हैं, जहां पहुंचकर लोग सिर्फ खूबसूरत नजारे नहीं देखते, बल्कि वहां की संस्कृति, लोगों का अपनापन और माहौल भी अपने साथ लेकर लौटते हैं. अमेरिकी कपल ब्रायन और एलिजाबेथ के लिए भारत का सफर भी कुछ ऐसा ही रहा. करीब पांच हफ्ते तक देश के अलग-अलग हिस्सों में घूमने, मंदिरों में दर्शन करने, त्योहार मनाने और नए लोगों से मिलने के बाद जब उन्हें वापस अमेरिका लौटना पड़ा, तो उनका मन भारत में ही रह गया. विदाई के वक्त एलिजाबेथ ने भारत को ‘मदर इंडिया’ कहकर संबोधित किया और बताया कि इस यात्रा ने उन्हें ऐसी यादें दी हैं, जिन्हें भुला पाना आसान नहीं होगा.
एलिजाबेथ ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट @yogi_dreamer पर भारत यात्रा के कई वीडियो और तस्वीरें शेयर की हैं. इन पोस्ट में कहीं वह और ब्रायन मंदिरों में दर्शन करते दिखते हैं, तो कहीं भारतीय त्योहारों, संगीत, खानपान और यहां के माहौल का आनंद लेते नजर आते हैं. दोनों ने भारत में सिर्फ पर्यटन स्थलों को नहीं देखा, बल्कि यहां की संस्कृति और जीवनशैली को करीब से समझने की कोशिश भी की. यही वजह रही कि पांच हफ्तों का यह सफर उनके लिए बेहद खास बन गया. वापस लौटते वक्त एलिजाबेथ ने भावुक अंदाज में भारत को विदाई दी.
भारत यात्रा के दौरान कपल उत्तराखंड के अल्मोड़ा के पास स्थित प्राचीन जागेश्वर महादेव मंदिर भी पहुंचा. यहां मौजूद प्राचीन मंदिरों की बनावट, आसपास के पेड़ और शांत वातावरण ने दोनों को काफी प्रभावित किया. एलिजाबेथ ने जागेश्वर को अपनी पसंदीदा जगहों में शामिल किया. उनके मुताबिक, इस मंदिर परिसर में एक अलग ही शांति और ऊर्जा महसूस होती है. यहां के धार्मिक माहौल और प्राकृतिक सुंदरता ने उन्हें काफी आकर्षित किया. उन्होंने इस जगह को बेहद खूबसूरत और खास बताया.
ऋषिकेश में गंगा किनारे बिताए यादगार पल
ब्रायन और एलिजाबेथ के लिए ऋषिकेश का अनुभव भी बेहद खास रहा. दोनों ने गंगा किनारे वक्त बिताया और गंगा आरती में शामिल हुए. एलिजाबेथ ने बताया कि उन्होंने गंगा मां के साथ काफी समय बिताया. यहां का माहौल, नदी किनारे की शांति और लोगों के साथ जुड़ने का अनुभव उनके दिल में बस गया. ऋषिकेश के बाद दोनों कैंची धाम भी पहुंचे. इन जगहों की तस्वीरें और वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किए.
वृंदावन की दिवाली देख रह गए हैरान
भारत में दिवाली मनाना भी इस कपल की यात्रा का एक बड़ा आकर्षण रहा. दोनों ने वृंदावन में दिवाली के दौरान शहर की रौनक, रोशनी और उत्सव का माहौल देखा. एलिजाबेथ ने बताया कि भारत में दिवाली का जश्न देखकर वह हैरान रह गईं. उन्होंने यहां के पटाखों की तुलना अमेरिका में 4 जुलाई को होने वाले समारोह से की. उनके मुताबिक, भारत में पटाखों की आवाज और उनका आकार अमेरिकी पटाखों से कहीं ज्यादा बड़ा और तेज लगा. दिवाली के दौरान भारत में मौजूद रहना उनके लिए खुशी और उत्साह से भरा अनुभव था. कपल ने वृंदावन के कई मंदिरों में भी दर्शन किए और यहां लोगों की त्योहार में भागीदारी को करीब से देखा.
चाय, कीर्तन और भारतीय खाने का उठाया लुत्फ
भारत में रहते हुए एलिजाबेथ और ब्रायन ने यहां के खानपान का भी खूब आनंद लिया. एलिजाबेथ ने बताया कि उन्होंने खूब चाय पी, अलग-अलग तरह के भारतीय पकवान चखे, अपने पसंदीदा लोगों के साथ कीर्तन सुने और पुराने दोस्तों से मुलाकात की. इस दौरान कई नए दोस्त भी बने. नवरात्रि का अनुभव भी उनके लिए यादगार रहा. यात्रा के दौरान एक ऐसी घटना भी हुई, जब ब्रायन एक बड़े बबून के हमले से बाल-बाल बच गए. हालांकि, इस घटना के अलावा दोनों के सफर में कई खूबसूरत और यादगार पल रहे. एलिजाबेथ ने इन सभी अनुभवों के लिए आभार जताया.
View this post on Instagram
