Panipat News:गुरु नानक देव ने किया था शेख ताहिर पीर जलालुद्दीन से आध्यात्मिक संवाद – Guru Nanak Dev Engaged In A Spiritual Dialogue With Sheikh Tahir Pir Jalaluddin
प्रथम उदासी के दौरान कुरुक्षेत्र जाते समय ठहरे थे गुरु साहिब
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव अपनी आध्यात्मिक यात्राओं (उदासियों) के दौरान पानीपत की धरती पर भी आए थे। मान्यता है कि दिल्ली से कुरुक्षेत्र जाते समय प्रथम पातशाह जीटी रोड स्थित एक कुएं पर ठहरे थे। यहां उन्होंने सूफी संत शेख ताहिर (शाह शरफ) और पीर जलालुद्दीन से आध्यात्मिक संवाद किया था।
गुरु साहिब की इस पावन स्मृति से जुड़ा गुरुद्वारा पहली पातशाही आज श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, अपनी प्रथम उदासी के दौरान गुरु नानक देव भाई बाला और भाई मर्दाना के साथ पानीपत पहुंचे थे। उन्होंने सूफी संतों से चर्चा के माध्यम से प्रेम, भाईचारे और सत्य का संदेश दिया। बाद में संगत ने इस ऐतिहासिक स्मृति को संजोने के लिए यहां गुरुद्वारा पहली पातशाही का निर्माण कराया।
