रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:बसें कार्यशाला में खड़ीं, सड़कों पर यात्री परेशान – Buses Parked In Workshop, Passengers On Roads Suffer
हाथरस

Hathras News:बसें कार्यशाला में खड़ीं, सड़कों पर यात्री परेशान – Buses Parked In Workshop, Passengers On Roads Suffer

November 24, 2026


हाथरस। सहालग में उमड़ रही यात्रियों की भीड़ के बीच हाथरस डिपो की बसें नाकाफी साबित हो रही हैं। ऐसे में डिपो की करीब 15 से 20 बसों के प्रतिदिन तकनीकी खामी व अन्य कारणों से ऑफ-रूट हो जाने के कारण स्थिति और भी विकट हो गई है। इसका सीधा खामियाजा आम यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।

डिपो की संचालन व्यवस्था का आलम यह है कि सुबह के समय तो यात्रियों को विभिन्न मार्गों पर बसें मिल जाती हैं, लेकिन जैसे ही दोपहर होती है, वैसे ही प्रमुख मार्गों पर रोडवेज बसों का टोटा शुरू हो जाता है। दोपहर बाद से शुरू होने होने वाली बसों की किल्लत देर रात तक बनी रहती है। बस स्टैंड और प्रमुख चौराहों पर यात्री घंटों तक बसों के इंतजार में खड़े रहने पर मजबूर हैं।

बसों की कमी और अव्यवस्था का सबसे अधिक असर जिले के व्यस्ततम मार्गों पर देखने को मिल रहा है। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग के अलावा मथुरा, कासगंज, जलेसर तथा इगलास-खैर-टप्पल मार्ग पर जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरन यात्रियों को डग्गेमार व निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जहां उनसे मनमाना किराया वसूला जा रहा है। हाथरस डिपो के प्रभारी मंगेश कुमार का कहना है कि जैसे-जैसे पुर्जे मिल रहे हैं, वैसे ही बसों को सही कराके रूट पर भेजा जा रहा है। नियमित मरम्मत के लिए बसों को कार्यशाला में खड़ा किया जा रहा है।

निजी वाहनों में सफर करना मजबूरी

मुझे परिवार के साथ कासगंज में शादी समारोह में जाना है। दोपहर दो बजे से बस स्टैंड पर खड़ा हूं, लेकिन कासगंज मार्ग की एक भी रोडवेज बस नहीं मिली है। अब मजबूरी में निजी वाहन से जाना पड़ेगा।

-मनोज कुमार, यात्री

इगलास और खैर-टप्पल मार्ग पर दोपहर के बाद रोडवेज बसों का मिलना मुश्किल हो जाता है। सहालग की भीड़ के कारण जो इक्का-दुक्का बसें आ भी आ रही हैं, वे पहले से ही खचाखच भरी रहती हैं। रोडवेज को इस रूट पर अतिरिक्त बसें चलानी चाहिए।

-महिप कुमार, यात्री

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X