Sonipat News:बाल विवाह रोकने के लिए गांव-गांव चलेगा अभियान, 27 को हर गांव में होंगे जागरूकता कार्यक्रम – A Campaign Will Be Run From Village To Village To Stop Child Marriage, Awareness Programs Will Be Held In Every Village On 27th
– पुजारी से लेकर टेंट संचालक और हलवाई तक को अभियान से जोड़ने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने की तैयारी है। 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर प्रत्येक गांव में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। इनमें विवाह समारोह से जुड़े पुजारियों, टेंट संचालकों, हलवाइयों, ब्यूटी पार्लर संचालकों और अन्य सेवा प्रदाताओं को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जिला न्यायालय परिसर स्थित जिला एडीआर सेंटर में जिला स्तरीय कार्यशाला हुई। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रचेता सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. रितु गिल ने की।
डॉ. राज सिंह सांगवान ने बाल विवाह की रोकथाम से जुड़े कानूनी और प्रशासनिक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रशासन, पुलिस, पंचायतों, बाल कल्याण समितियों और सामाजिक संगठनों को मिलकर काम करना होगा।
बाल विवाह न होने देने की शपथ दिलाई
कार्यशाला में अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि न तो बाल विवाह करेंगे और न ही होने देंगे। अपने कार्यक्षेत्र में बाल विवाह की संभावित घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करेंगे। कार्यक्रम में एमडीडी ऑफ इंडिया और जस्ट राइट्स की ओर से विक्टिम सपोर्ट कोऑर्डिनेटर सुनीता, साहिल घनघस, रमन्ना देवी और सरिता व बाल कल्याण समिति की सदस्य संगीता गौड़ सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
