गुहला-चीका। हरियाणा अतिथि अध्यापक संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर अतिथि अध्यापक नियमितीकरण की मांग के लिए आंदोलन तेज करेंगे। 29 नवंबर को कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के सभी 90 विधायकों और मंत्रियों के आवास पर जाकर उन्हें ज्ञापन सौंपने के साथ मॉक विधानसभा में पारित नियमितीकरण का प्रस्ताव भी दिया जाएगा।
राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ के राज्य महासचिव भूपेंद्र सिंह ने बताया कि 24 नवंबर को अतिथि अध्यापक तानाशाही दिवस के रूप में मनाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार 26 नवंबर को संविधान दिवस पर विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित कर रही है लेकिन अतिथि अध्यापकों के नियमितीकरण के लिए सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा कि 15 नवंबर को कुरुक्षेत्र में मॉक विधानसभा में शामिल होने पहुंचे हजारों अतिथि अध्यापकों को हिरासत में लेना सरकार की तानाशाही है। उनका आरोप है कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने नियमितीकरण के लिए गलत आदेश जारी किए हैं जबकि 2014 की तीन वर्षीय नियमितीकरण नीति में ऐसी शर्तों का उल्लेख नहीं है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव एसएस ढिल्लों ने भी 9 सितंबर 2014 की टिप्पणी में अतिथि अध्यापकों को नीति की शर्तें पूरी करने की बात कही थी। इस दौरान दिनेश यादव, पूनम कुमारी, रेखा रानी और मुकेश रानी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

जानकारी देते हुए भूपेंद्र सिंह व अन्य। विज्ञप्ति