रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Jind News:गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर निकाला नगर कीर्तन, गतका प्रदर्शन ने मोहा मन – Nagar Kirtan Organised On The Occasion Of Guru Nanak Dev’s Birth Anniversary, Gatka Performance Captivated The Hearts
जींद

Jind News:गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर निकाला नगर कीर्तन, गतका प्रदर्शन ने मोहा मन – Nagar Kirtan Organised On The Occasion Of Guru Nanak Dev’s Birth Anniversary, Gatka Performance Captivated The Hearts

November 24, 2026


जींद। प्रथम पातशाही गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को शहर में नगर कीर्तन निकाला गया। नगर कीर्तन के दौरान वाहे गुरु जी का खालसा, वाहे गुरु जी की फतेह और बोले सो निहाल, सतश्री अकाल के जयकारों से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने पालकी साहिब के समक्ष माथा टेककर गुरु के प्रति श्रद्धा प्रकट की।

नगर कीर्तन की शुरुआत ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब से हुई। फूलों से सजी पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब को सुशोभित किया गया था। पंज प्यारों ने नगर कीर्तन की अगुवाई की। उनके पीछे संगत गुरबाणी और सतनाम वाहेगुरु का जाप करते हुए चल रही थी। सुखमणी साहिब की सेवादारों ने झाड़ू की सेवा निभाई। भाई कन्हैया सेवा दल, भाई सोमाशाह सेवा दल, सुखमणी सेवा सोसायटियों और गुरु तेग बहादुर सेवादल के सदस्यों ने भी सेवा में योगदान दिया।

नगर कीर्तन गुरुद्वारा गुरु तेग बहादुर साहिब से शुरू होकर रानी तालाब, सिटी थाना, फव्वारा चौक, रामराये गेट, बैंड मार्केट, झांझ गेट, गुरुद्वारा सिंह सभा भारत सिनेमा रोड, रुपया चौक, बत्तख चौक, सफीदों गेट, बाबा बंदा सिंह बहादुर गेट, बाल भवन रोड और गोहाना रोड से होते हुए वापस गुरुद्वारा परिसर पहुंचा। इस दौरान गुरुद्वारा मैनेजर गुरविंदर सिंह चौगामा, टहल सिंह, किरपाल सिंह, अमरीक सिंह, शोभा सिंह, इंदरजीत सिंह और हेड ग्रंथी मनजोत सिंह मौजूद रहे।

स्कूली बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, गतका के जौहर दिखाए

नगर कीर्तन में गुरु तेग बहादुर हाई स्कूल सहित शहर के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगी पोशाकों में डंबल, लेजियम, पीटी शो और भंगड़ा प्रस्तुत किया। वहीं रणजीत अखाड़ा के सेवादारों ने गतका और तलवारबाजी के करतब दिखाकर संगत को आकर्षित किया। युवाओं के साहसिक प्रदर्शन पर श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

विकारों पर विजय पाना ही सच्ची जीत : करनैल सिंह

हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कार्यकारिणी सदस्य करनैल सिंह निम्नाबाद ने कहा कि मनुष्य को संसार जीतने से पहले अपने विकारों पर विजय प्राप्त करनी चाहिए। गुरु नानक देव ने पूरे संसार को एक परिवार मानने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को मेहनत और ईमानदारी से कमाई करनी चाहिए तथा अपनी आय में से जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। स्त्रियों का सम्मान, अहंकार से दूरी और सेवाभाव गुरु की शिक्षाओं का मूल आधार हैं।

फोटो 23जेएनडी21-गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर आयोजित नगर कीर्तन में मौजूद पंच  प्यारे। स्रोत

फोटो 23जेएनडी21-गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर आयोजित नगर कीर्तन में मौजूद पंच प्यारे। स्रोत

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X