Una News:बुजुर्ग की मौत के मामले में आरोपी महिला गिरफ्तार, बेटा बाल सुधार गृह भेजा – Woman Arrested In Connection With Elderly Man’s Death; Son Sent To Juvenile Detention Home
अंब (ऊना)। अंब थाना क्षेत्र के भंजाल में दीवार निर्माण को लेकर हुए विवाद में 87 वर्षीय बुजुर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया जबकि उसके साढ़े 16 वर्षीय बेटे को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार करीब दो माह पहले भंजाल निवासी मधुबाला ने पड़ोसियों से मकान के आगे बन रही दीवार को थोड़ा पीछे हटाकर बनाने का आग्रह किया था। इस बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान पड़ोसी महिला ने मधुबाला के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके 87 वर्षीय ससुर सुखदयाल सिंह को भी धक्का दे दिया। जमीन पर गिरने से बुजुर्ग की बाजू और टांग में चोटें आई थीं। उन्हें उपचार के लिए अंब अस्पताल ले जाया गया, जहां घटना के दो दिन बाद उनकी मौत हो गई थी। एसडीपीओ अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। मामले में आगामी कार्रवाई जारी है।
