Bilaspur News:ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके कैप्टन अनंत राम से मिली सैनिक कल्याण समिति – The Sainik Kalyan Samiti Met With Captain Anant Ram, Who Has Represented India At The Olympics
गेहड़वीं(बिलासपुर)। जनरल जोरावर सिंह सैनिक कल्याण समिति झंडूता के पदाधिकारियों ने बैहना ब्राह्मणा पंचायत के बैहरन गांव पहुंचकर 94 वर्षीय विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित कैप्टन अनंत राम से मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ आत्मीय बातचीत की। कैप्टन अनंत राम ने जिम्नास्टिक के क्षेत्र में ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का नाम रोशन किया है। इसके अलावा उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें विशिष्ट सेवा मेडल से भी सम्मानित किया जा चुका है।
समिति के अध्यक्ष कैप्टन हरबंस लाल भभौरिया ने कहा कि कैप्टन अनंत राम केवल क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश की गौरवशाली विभूति हैं। यह क्षेत्रवासियों के लिए सम्मान की बात है कि उन्होंने ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर जिम्नास्टिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया। अपनी प्रतिभा, परिश्रम और समर्पण से उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि कैप्टन अनंत राम का जीवन अनुशासन, साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायक मिसाल है। 94 वर्ष की आयु में भी उनका अनुभव, व्यक्तित्व और सकारात्मक दृष्टिकोण नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे व्यक्तित्व किसी भी क्षेत्र की अमूल्य धरोहर होते हैं। समाज का दायित्व है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाने वाली विभूतियों का सम्मान करे और युवाओं को उनकी उपलब्धियों से परिचित करवाए, ताकि वे भी उनसे प्रेरणा लेकर जीवन में उत्कृष्टता और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर समिति के चेयरमैन राम लाल ठाकुर, उपाध्यक्ष मदन सिंह ठाकुर, सचिव सुरेंद्र सिंह ठाकुर, मीडिया प्रभारी संजीव कुमार और सदस्य किशोरी लाल भी मौजूद रहे।
