Uttarkashi News:इंट्रा निगम वॉलीबॉल प्रतियोगिता में यमुना घाटी बनी चैंपियन – Yamuna Valley Emerges As Champion In The Intra-corporation Volleyball Tournament
चिन्यालीसौड़। यूजेवीएनएल की ओर से आयोजित इंट्रा निगम वॉलीबॉल प्रतियोगिता में यमुना घाटी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप अपने नाम की। फाइनल मुकाबले में यमुना घाटी ने भागीरथी घाटी को पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, भागीरथी घाटी की टीम उपविजेता रही।
यूजेवीएनएल चिन्यालीसौड़ के वॉलीबॉल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में गंगा घाटी, यमुना घाटी, भागीरथी घाटी और मुख्यालय की टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ भागीरथी घाटी और गंगा घाटी के बीच मुकाबले से हुआ। इसमें भागीरथी घाटी ने 25-14 और 25-15 से जीत दर्ज की। दूसरे मुकाबले में यमुना घाटी ने मुख्यालय की टीम को हराया। तीसरे मुकाबले में यमुना घाटी और भागीरथी घाटी के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें यमुना घाटी ने 2-1 से बाजी मारी। इसके बाद भागीरथी घाटी ने मुख्यालय को सीधे सेटों में शिकस्त दी। जबकि गंगा घाटी ने भी मुख्यालय को हराकर जीत दर्ज की। लीग मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर यमुना घाटी और भागीरथी घाटी की टीमें फाइनल में पहुंचीं। खिताबी मुकाबले में यमुना घाटी के खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। समापन अवसर पर अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में खेल भावना, आपसी समन्वय और टीम भावना को बढ़ावा देती हैं। इस मौके पर यूजेवीएनएल के उपमहाप्रबंधक राजेश चौकसे, छाम थानाध्यक्ष दिलबर नेगी, अधिशासी अभियंता वाईएस महर, अमन बिष्ट, सुखजीत सिंह, उमाशंकर सहित अन्य मौजूद रहे।
